शिमला, 30 मार्च (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलॉंग में सोमवार को 2 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया , जबकि कसौली, मनाली और सोलन सहित अन्य पर्यटक स्थलों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के शेष हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों, जिनमें रोहतांग दर्रा, गोशाल की पहाड़ियाँ, लेडी ऑफ केलॉंग, सेवन सिस्टर्स की पहाड़ियां और कुंजुम दर्रा शामिल हैं, वहां भी हल्के हिमपात की सूचना मिली है।
ताजा हिमपात के कारण लाहौल-स्पीति जिले में 36 सड़कें बंद हो गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-03 का रोहतांग दर्रा से सरचू वाला हिस्सा रोहतांग दर्रा और कुठबिहाल के बीच बर्फ से ढका हुआ है, जबकि दारचा-सरचू सड़क भी बंद है। हालांकि, कुठबिहाल से अटल सुरंग (उत्तरी द्वार) तक का हिस्सा चार पहिया वाहनों के लिए खुला है और उत्तरी द्वार से दारचा सड़क चालू है। ग्राम्फू-बातल सड़क बंद है, जबकि दारचा-शिंकुला सड़क एकतरफा यातायात के लिए खुली है। संसारी-किलार-तिंदी-तांदी सड़क खुली है, जबकि लोसर-बातल सड़क बंद है और सुमदो-लोसर हिस्सा आवाजाही के लिए खुला है।
मौसम विभाग ने सोमवार को केलॉंग, उदयपुर और काजा में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। विभाग ने आज राज्य के कई स्थानों पर और अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश या हिमपात का अनुमान लगाया है। ओलावृष्टि, बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए ‘पीली चेतावनी’ जारी की गई है।
विभाग ने आगामी 03 और 04 अप्रैल को पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर वर्षा और हिमपात की भविष्यवाणी की है।
