सनौर (पटियाला), 30 मार्च (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को पटियाला के सनौर विधानसभा क्षेत्र में 87 करोड़ रुपये की सड़क नवीनीकरण परियोजनाओं और 27 करोड़ रुपये की नहरी लाइनिंग कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से 83 गांवों की 40,066 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सनौर लिंक रोड, पटियाला-पिहोवा रोड सहित कई प्रमुख सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा, जबकि 49.60 करोड़ रुपये की लागत से नई लिंक सड़कें भी बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और ठेकेदारों के लिए पांच साल का अनिवार्य रखरखाव प्रावधान लागू किया गया है। सिंचाई परियोजनाओं के तहत घड़ाम राजबाहा, शेखपुरा और बहादुरपुर माइनरों की कंक्रीट लाइनिंग का कार्य शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नहरी तंत्र को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश किया है और किसानों को उनका जल अधिकार सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में 16,209 करोड़ रुपये की लागत से 44,920 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। शिक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब ने नेशनल अचीवमेंट सर्वे 2024 में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि 740 विद्यार्थियों ने जेईई और 1,284 ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है तथा 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से 60 संचालित हो चुके हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। बिजली आपूर्ति, सड़क सुरक्षा फोर्स की तैनाती, टोल प्लाजा बंद करने और ई-रजिस्ट्री जैसी पहलों का भी उन्होंने उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि को प्राथमिकता दे रही है तथा पंजाब की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है।
