
इटारसी। वार्ड क्रमांक 8 उत्तरी बंगलिया में करीब 25 साल बाद सड़क व नाली निर्माण होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से खराब सड़क और जल निकासी की समस्या से परेशान रहवासियों को अब राहत मिली है। पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया के प्रयासों से केसर बहनजी के मकान से नायक जी के मकान तक सड़क और नाली निर्माण कार्य पूरा हुआ है।
शुक्रवार को सड़क निर्माण पूर्ण होने पर क्षेत्र के लोगों ने कार्यक्रम आयोजित कर नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार बाबरिया एवं पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान ललित दीक्षित, विनोद योगी, साधना योगी सहित अन्य रहवासियों ने नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे का पुष्पमाला, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। वहीं पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार बाबरिया का भी नागरिकों ने सम्मान किया।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने कहा कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब सड़क और नाली बनने से सभी को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के समय जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार बाबरिया ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान क्षेत्रवासियों ने पूरा सहयोग किया, जिसके कारण सड़क का चौड़ीकरण भी संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल कराया जाएगा।
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 8 में लंबे समय से सड़क की आवश्यकता थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
नया ट्यूबवेल खनन किया जाएगा–
वार्ड में गर्मी के मौसम के दौरान एक ट्यूबवेल का जलस्तर कम होने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। पानी आना बंद होने पर दूसरे ट्यूबवेल के सहारे जल सप्लाई करनी पड़ती है, जिससे लोगों को देरी से पानी मिल पाता है।
पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया और क्षेत्रवासियों की मांग पर नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने वार्ड में नए ट्यूबवेल के खनन का आश्वासन दिया। इससे आने वाले समय में जल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
महाआरती का आयोजन–
वार्ड क्रमांक 8 में बीते 5 दिनों से जारी प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम में शिवलिंग स्थापना के बाद पूर्णाहुति के उपरांत महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार बाबरिया सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए। सभी ने भगवान भोलेनाथ की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पूरे वार्ड में धार्मिक वातावरण बना रहा।
