नयी दिल्ली, 25 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु ने शनिवार को कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि दर लगातार ऊंची बनी हुई है और सरकार के साहसिक एवं दूरदर्शी सुधारों के बल पर आने वाले समय में भी अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार बनी रहेगी।
श्रीमती मुर्मु ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आकाशवाणी और दूरदर्शन से राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि सरकार समावेशी विकास की नीति पर चाल रही है ताकि आर्थिक वृद्धि का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने कहा, “ हाल के वर्षों में, आर्थिक विकास की दर लगातार ऊंची रही है, जिससे हमारे युवाओं के लिये रोजगार के अवसर पैदा हुये हैं, किसानों और मजदूरों के हाथों में अधिक पैसा आया है तथा बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। ”
राष्ट्रपति ने कहा, “ साहसिक और दूरदर्शी आर्थिक सुधारों के बल पर,आने वाले वर्षों में प्रगति की यह रफ्तार बनी रहेगी। समावेशी विकास, हमारी प्रगति की आधारशिला है, जिससे विकास का लाभ व्यापक स्तर पर अधिक से अधिक देशवासियों तक पहुंचता है। ”
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि सरकार वित्तीय समावेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक विभिन्न प्रकार की वित्तीय सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा, “ इसलिये प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया और अटल पेंशन योजना जैसी वित्तीय समर्थन योजनाओं का विस्तार किया गया है। ”
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में सड़कों और रेल मार्गों, बंदरगाहों और लॉजिस्टिक केन्द्र सहित भौतिक अवसरंचना के विकास पर बल दिया गया है। इससे एक ऐसा मजबूत आधार विकसित हो गया है जो आने वाले दशकों में विकास को संबल प्रदान करेगा।
राष्ट्रपति ने कहा, “ कुछ वर्षों के दौरान ही हमने एक ऐसा मजबूत सार्वजनिक डिजिटल अवसरंचना विकसित कर लिया है, जो विश्व की श्रेष्ठतम संरचनाओं में से एक है। ”
