
छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंदूरखी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां साइकिल चला रहा 10 वर्षीय बालक खेत में बने कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी भूरा यादव का पुत्र गजराज यादव साइकिल चला रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पास ही स्थित खुले कुएं में जा गिरा। घटना होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और तत्काल ग्रामीणों की मदद से बालक को कुएं से बाहर निकाला गया।
इसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
