जबलपुर: अधारताल थाना क्षेत्र में एक युवक को टेलीग्राम चैनल पर मुनाफे का लालच देकर ठगों ने पीडि़त को पहले 15 हजार का लालच दिया और किश्तों में पैसे वसूलते रहे। हद तो तब हो गई जब ठगी करने के बाद भी जालसाज अब प्रोसेसिंग फीस के नाम पर और पैसों की मांग कर रहे हैं।पुलिस के मुताबिक न्यू कंचनपुर निवासी पीडि़त नीरज सिंह भदौरिया ने पुलिस को बताया कि उनके टेलीग्राम पर एक मैसेज आया था। जिसमें दावा किया गया कि यदि वह 3,000 रुपये का निवेश करते हैं, तो उन्हें 15,000 रुपये का रिटर्न मिलेगा।
इस झांसे में आकर पीडि़त ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया और बताए अनुसार पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे जाल में फंसा लिया । इसके बाद उसके पास फोन आया कि आपका स्लॉट बुक हो गया है, 2,000 रुपये और दें। फिर मैसेज आया कि आपका पैसा खाते में भेजने के लिए 12,000 रुपये जमा करने होंगे। जब पीडि़त ने और पैसे देने से मना किया, तो ठग ने दूसरे नंबर से मैसेज कर खुद को मददगार बताया और कहा कि सिर्फ 999 रुपये जमा कर दीजिए, आपका पुराना सारा पैसा वापस मिल जाएगा। पीडि़त ने ‘कनिका’ नामक बैंक खाते में यह राशि भी भेज दी। लगभग 20,000 रुपये ऐंठने के बाद जालसाज ने अपना नंबर बंद कर लिया। लेकिन धोखाधड़ी यहीं नहीं रुकी। ठग ने नए व्हाट्सएप नंबर से नीरज को मैसेज किया और कहा कि मैं आपका पुराना पैसा वापस करवा रहा हूँ, बस 549 रुपये और दे दीजिए। इसके बाद उसे डराया धमकाने जाने लगा।
