भोपाल, 22 जनवरी (वार्ता) एम.पी. ट्रांसको (मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी) ने नवाचार करते हुये प्रदेश के कुछ चुनिन्दा 132 के.व्ही. ए.आई.एस (एक्सट्रा हाई टेंशन एयर इंसूलेटेड स्विच गेयर सबस्टेशनों) को रिमोट से संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि एम.पी. ट्रांसको के जबलपुर स्थित 132 के.व्ही. सबस्टेशन माढ़ोताल को रिमोट से नियंत्रण और संचालित किये जाने के कार्य का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर और अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई ने इस सफलता के लिए एम पी ट्रांसको को बधाई दी है।
श्री तोमर ने बताया कि यह प्रदेश का पहला ऐसा पुराना ए.आई.एस (एयर इंसूलेटेड स्विच गेयर) सबस्टेशन है जिसे मानवरहित आपरेशन करने की तकनीक के तहत रिमोट (नजदीक के 220 के व्ही सबस्टेशन जबलपुर) से नियंत्रित और संचालित किया जायेगा। इस माह सेवानिवृत्त हो रहे अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री एस. व्ही. वझे ने 220 के. व्ही. सबस्टेशन जबलपुर से रिमोट आपरेशन का पहला क्लिक किया।
