नयी दिल्ली 17 जनवरी (वार्ता) यात्री वाहन बनाने वाली कंपनी हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी क्रेटा का इलेक्ट्रिक वेरिएंट लॉन्च कर दिया है जिसकी शुरूआती एक्स शोरूम कीमत 17.99 लाख रुपये है।
राजधानी में आज से शुरू हुये भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में कंपनी ई क्रेटा को लाँच किया। कंपनी के प्रबंध निदेशक उनसू किम ने इसे लाँच करते हुये कहा कि इलेक्ट्रिक क्रेटा को चार वेरिएंट में मार्केट में उतारा गया है। इसकी शुरुआती कीमत 17,99,000 रुपये रखी गई है। यह इलेक्ट्रिक कार फुल चार्ज होने पर 473 किलोमीटर की रेंज देने का वादा करती है।
उन्हाेेंने कहा कि इलेक्ट्रिक क्रेटा हुंडई की लेटेस्ट सेफ्टी टेक्नोलॉजी के साथा आई है, जिसमें एडीएएस लेवल 2 भी शामिल है। इस सिस्टम में 19 एडवांस्ड सेफ्टी फंग्शन जैसे फ्रंट ब्लाइंड स्पॉट कोलिजन अवॉइडेंस, कोलिजन वार्निंग, स्मार्ट क्रूज कंट्रोल और लेन कीपिंग असिस्ट शामिल हैं, जो सेफ और स्मार्ट ड्राइविंग एक्सपीरिएंस सुनिश्चित करते हैं। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में कुछ खास फीचर्स हैं, जैसे पैसेंजर वॉक-इन डिवाइस, जिससे रियर सीट वाले लोग फ्रंट सीट को इलेक्ट्रिकली एडजस्ट कर सकते हैं। इसके अलावा, इसमें ड्यूल जोन क्लाइमेट कंट्रोल, ड्यूल पावर्ड सीट्स विद वेंटिलेशन, पैनोरामिक सनरूफ, एडीएएस लेवल 2, 360 डिग्री कैमरा, डिजिटल की और सस्टेनेबल मटेरियल्स का भी इस्तेमाल किया गया है।
हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक दो बैटरी ऑप्शन के साथ आती है। इसमें पहला 42केडब्ल्यूएच का बैटरी पैक मिलता है, जिसकी रेंज 390 किलोमीटर है। ये 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड सिर्फ 8.5 सेकंड में पकड़ लेती है। वहीं, दूसरा बैटरी पैक 51.4 केडब्ल्यूएच का है जिसकी रेंज 473 किलोमीटर है। ये वैरिएंट सिर्फ 7.9 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ने में सक्षम है। चार्जिंग टाइम की बात करें तो इसे डीसी फास्ट चार्जर से 10से80 प्रतिशत चार्ज करने में सिर्फ 58 मिनट लगते हैं। इसे 11 केडब्ल्यू वॉल बॉक्स चार्जर से 100 प्रतिशत तक चार्ज करने में लगभग 4 घंटे लगते हैं।
