महिला हथकरघा केंद्र का किया शुभारंभ
इंदौर: केन्द्रीय में बुधवार को मुख्य न्यायाधीश निरीक्षण करते हुए महिला हथकरघा केन्द्र का शुभारंभ किया. जिसके बाद उन्होंने जेल में कैदियों द्वारा किए जा रहे उत्पादों की प्रदर्शन का भी अवलोकन किया. इसके बाद जेल की बैरकों में जाकर बंदियों से संवाद भी किया.जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने बताया कि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार केथ, खंडपीठ इंदौर के न्यायमूर्ति विवेक रूसिया, प्रिंसिपल रजिस्ट्रार त्रिपाठी, जिला कलेक्टर आशीष सिंह, एडिशनल सीपी अमित सिंह, और अन्य अतिथिगण ने केंद्रीय जेल का दौरा किया.
इस अवसर पर उन्होंने जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों का निरीक्षण भी किया. भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से संवाद किया और उनकी विधिक सहायता एवं अन्य समस्याओं को ध्यान पूर्वक सुना. इस दौरान बंदियों ने उन्हें जेल में किसी भी प्रकार की समस्या न होने की जानकारी भी दी. इसके बाद न्यायाधीश ने जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही निशुल्क विधिक सहायता प्रणाली की सराहना की.
इस दौरान श्रीमती सोनकर ने सभी अतिथियों को जेल उद्योगों में स्टील निर्माण और हथकरघा उत्पादों के बारे में भी जानकारी दी, जिसकी अतिथियों ने प्रशंसा की. इसके बाद सभी अतिथियों ने जेल चिकित्सालय और रसोई घर का निरीक्षण भी किया. जहां हाइजीन के उच्च मानकों को देखकर उन्होंने जेल प्रशासन की सराहना भी की. कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने महिला बंदियों के कौशल विकास के लिए नवनिर्मित महिला हथकरघा केंद्र का शुभारंभ कर जेल उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया. अतिथियों के साथ उप अधीक्षक संतोष लड़िया ने संचालन किया. इस दौरान विशेष रुप से जेल उप अधीक्षक नगर, रघुवंशी, वरिष्ठ परीक्षा कल्याण अधिकारी अभिषेक दांगी, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
