क्राईम ब्रांच ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
12 लाख का ड्रग्स चरस और गांजा किया जब्त
इंदौर: अपराध शाखा की टीम ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 102 ग्राम एमडी ड्रग्स, 1 किलो 46 ग्राम चरस और 3 किलो 882 ग्राम गांजा बरामद किया है. जिनकी कीमत लगभग 12 लाख रुपए बताई जा रही है.क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहसिन और शाहबाज अजमेर, राजस्थान में एक उर्स के दौरान मौजूद हैं. इसपर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम अजमेर पहुंची. पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया.
आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके पास से 102 ग्राम एमडी ड्रग्स, 1 किलो 46 ग्राम चरस और 3 किलो 882 ग्राम गांजा बरामद हुआ. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह मादक पदार्थ दूसरे जिलों से लाकर इंदौर में ऊंचे दामों पर बेचते थे. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह इंदौर, धार, देवास सहित आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं. दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/24 और 07/25 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों से उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है.
पहले से दर्ज हैं कई अपराध
अपराध शाखा की टीम ने जब आरोपियों के अपराधिक रिकार्ड चेक किया तो पता चला कि मोहसिन के खिलाफ धार में मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं, वहीं शाहबाज भी धार जिले में अपराध शाखा के मामलों में फरार चल रहा था, दोनों आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
