सावित्री बाई फुले की जयंती पर अजाक्स ने किया 101 महिलाओं का सम्मान

विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने डॉ. अम्बेडकर की मूर्ति के लिए दिए 1 लाख रुपए, रिनोवेशन कार्य के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की
ग्वालियर: म.प्र. अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) द्वारा माता सावित्री बाई फुले की जयंती के उपलक्ष्य में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर डॉ. शोभा सिकरवार थीं। अध्यक्षता अजाक्स के प्रांतीय महासचिव इंजी. एस.एल.सूर्यवंशी ने की। मुख्य वक्ता भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ थे।

विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव, अजाक्स के प्रांतीय महासचिव गौतम पाटिल, प्रांतीय संयुक्त सचिव होतम सिंह मौर्य, संभागीय अध्यक्ष इंजी. केबी दोहरे, जिलाध्यक्ष विजय कुमार पिपरौलिया एवं कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अतर सिंह जाटव मंचासीन थे। आयोजन के आरंभ में अतिथियों ने माता सावित्री बाई फुले एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया। तदुपरांत जिलाध्यक्ष विजय कुमार पिपरौलिया एवं कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अतर सिंह जाटव ने अजाक्स की गतिविधियों से अवगत कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि सावित्री बाई फुले की प्रेरणा से आज नारियां देश में शिक्षित होकर देश का मान बढ़ा रही हैं।

उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि नारी एक परिवार में शिक्षा ग्रहण करती है और दो परिवारों को शिक्षा प्रदान करती है। मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि माता सावित्री बाई ने अपना जीवन मिशन की तरह जिया, जिसका उद्देश्य विधवा विवाह कराना, छुआछूत मिटाना और महिलाओं को शिक्षित बनाना था। इस मौके पर विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने अजाक्स कार्यालय में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए एक लाख रुपए नगद दिए। साथ ही परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स, बोरिंग व अन्य रिनोवेशन कार्य के लिए दस लाख रुपए की निधि देने की घोषणा की। इसके अलावा अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में अतिथियों के साथ जिलाध्यक्ष विजय कुमार पिपरौलिया एवं कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अतर सिंह जाटव ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली 101 महिलाओं को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन ज्योति दोहरे ने एवं आभार वरिष्ठ उपाध्यक्ष एनडी मौर्य ने व्यक्त किया।

Next Post

रुद्र महायज्ञ एवं शिव पुराण कथा शुरू

Mon Jan 6 , 2025
ग्वालियर:विनय नगर सेक्टर 4 में श्री गाल्वेश्वर महादेव मंदिर के वार्षिक उत्सव के उपलक्ष में आज सोमवार से शिव पुराण एवं प्रवचन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। श्री गाल्वेश्वर महादेव मंदिर सेवा न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि भव्य कलश यात्रा एवं मंगलचरण के साथ कथा […]

You May Like