
चिल्हारी(उमरिया)। जिले के बांधवगढ़ नेशनल पार्क अंतर्गत पनपथा परिक्षेत्र में बीती रात एक मादा तेंदुआ को टक्कर मार कर मौत के घाट उतारने वाले वाहन की तलाश की वन अमले द्वारा की जा रही है। इसके लिये लोगों से पूछताछ के साथ ही टाईगर रिजर्व के सभी बेरियर नाकों की एंट्रियां खंगाली जा रही हैं।
गौरतलब है कि गुरुवार की रात पार्क के बफर क्षेत्र में एक तेंदुआ पनपथा-बरही मार्ग पर ग्राम चिल्हारी में अवध राज सिंह के घर के पास मृत पाया गया था। जिसकी उम्र 6 से 8 साल बताई गई है। इस सूचना पर विभागीय अधिकारी और वन अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया और सुबह मृत तेंदुए का शव पनपथा लाया गया। जहां एनटीसीए के गाईडलाइन अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पोस्ट मार्टम उपरांत तेंदुआ के शव को जला कर नष्ट किया गया। नेशनल पार्क के उप संचालक पीके वर्मा ने बताया कि तेंदुआ की मौत किसी वाहन दुर्घटना में हुई है। उक्त घटना को अंजाम देने वाले वाहन की खोजबीन जारी है।
