
नवभारत न्यूज
रीवा, 3 जनवरी, शहर के बोदाबाग नीम चौराहा के पास अतिक्रमण गिराने के बाद सडक़ निर्माण के लिये पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी पहुंचे. जहा पर पीडि़त पक्ष एवं कांग्रेस नेता द्वारा विरोध किया गया. समझाइश के बाद जब बात नही बनी तो पुलिस ने कांग्रेस नेता को घसीट कर किनारे कर दिया और उसके बाद सडक़ निर्माण का काम शुरू हो गया.
दरअसल गत महीने सडक़ निर्माण के लिये बोदाबाग के पास पूर्व विधायक कांग्रेस नेता स्व0 बिद्रा प्रसाद के घर को नगर निगम प्रशासन द्वारा गिरा दिया गया था. जिसको लेकर कांग्रेसियो ने ज्ञापन भी सौपा था और जांच की मांग की थी. शुक्रवार को जब निर्माण करने के लिये पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पहुंचे तो पीडि़त पक्ष की महिला एवं कांग्रेस नेता संदीप पटेल ने विरोध शुरू कर दिया और मलवे पर बैठ गए. उनका कहना था कि पहले जबरन घर गिराया गया और अब सडक़ बनाई जा रही है, जिसका विरोध कर रहे थे. मौके पर पुलिस सहित प्रशासनिक अमला मौजूद था. तहसीलदार ने समझाइश दी लेकिन कांग्रेस नेता मौके से हटने को तैयार नही थे. इसके बाद कांग्रेस नेता को पुलिस मौके से घसीटते हुए किनारे ले गई और गाड़ी में बैठाकर थाने भेज दिया. जिसके बाद सडक़ निर्माण का काम शुरू हो गया. बतादें कि पूर्व में भी जब घर को गिराया जा रहा था उस समय भी कांग्रेस नेता ने पहुंचकर विरोध किया था. जिसके बाद पुलिस उठाकर ले गई थी.
