मुंबई, 19 नवंबर (वार्ता) भारतीय कंपनियों का विदेशों में प्रत्यक्ष निवेश अक्टूबर में 17.4 प्रतिशत बढ़कर 465.38 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।
रिजर्व बैंक द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में देश से बाहर भारतीय निवेशकों का इक्विटी में प्रत्यक्ष निवेश अक्टूबर 2025 की तुलना में कम हुआ है जबकि ऋण पत्रों और गारंटी में उनका निवेश बढ़ा है। इसके बावजूद, सबसे अधिक पैसा उन्होंने इक्विटी में ही लगाया।
इक्विटी में भारतीयों का प्रत्यक्ष निवेश 12.8 फीसदी घटकर 205.12 करोड़ डॉलर रहा। यह अक्टूबर 2025 में 235.20 करोड़ डॉलर था। इस साल सितंबर में इस खंड में भारत से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 327 करोड़ डॉलर रहा था।
ऋण पत्रों में देश से बाहर भारतीयों का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश अक्टूबर में सालाना 102 फीसदी बढ़कर 148.60 करोड़ डॉलर हो गया। भारतीय निवेशकों ने विदेशों में गारंटी में 111.67 करोड़ डॉलर का निवेश किया जो एक साल पहले के मुकाबले 27.5 प्रतिशत अधिक है।
भारतीय कंपनियों द्वारा किए गए निवेश में अडानी इंफ्रा ने सबसे अधिक 100 करोड़ डॉलर का निवेश मॉरिशस में किया है। दवा बनाने वाली कंपनी सन फार्मा लैबोरेट्रीज ने नीदरलैंड्स में 99.85 करोड़ डॉलर का निवेश किया।
जायडस मेडटेक ने फ्रांस में 36.18 करोड़ डॉलर और इनवेंचर्स नॉलेज सॉल्यूशंस ने अमेरिका में 34.63 करोड़ डॉलर का निवेश किया है। टाटा स्टील सिंगापुर में 34 करोड़ रुपये के साथ शीर्ष पांच निवेशकों में शामिल है। ये सभी निवेश पूर्ण स्वामित्व वाली इकाइयों के माध्यम से किए गए हैं।
