नई दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को कहा कि अपनी स्थिर आर्थिक नीतियों, भरोसेमंद कर व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों के कारण भारत में निवेश के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं और यह विश्व में निवेशकों के लिए आकर्षक स्थान बन चुका है ।
श्री बिरला ने देश की विनिर्माण क्षमता को और उन्नत तथा मजबूत करने के लिए उद्योग जगत और शैक्षणिक संस्थानों के बीच अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। वह राजधानी में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईएसीसी) द्वारा आयोजित 23वें इंडो-अमेरिका आर्थिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में अमेरिकी दूतावास के उप मिशन प्रमुख जेसन मीक्स और उद्योग जगत की अन्य हस्तियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बिरला ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्योग जगत के प्रतिष्ठित नेताओं को बिजनेस लीडरशिप अवॉर्ड भी प्रदान किए।
लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत और अमेरिका दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र हैं और दोनों देशों के संबंध साझा मूल्यों, विश्वास तथा आपसी सम्मान पर आधारित हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ” जिस देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है, वहां नीतियों और नियमों का स्थिर वातावरण बनता है। सहित सभी वर्गों के विचारों को सुना जाता है और नीतियां बनाते समय उनके सुझावों को ध्यान में रखा जाता है। भारत में निवेश के बढ़ते अवसरों के पीछे हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था, स्थिर कर नीतियां तथा उद्योग जगत और वैश्विक हितधारकों के साथ निरंतर संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका है।” उन्होंने कहा कि देश में उपलब्ध विशाल मानव संसाधन और कुशल कार्यबल के रूप में विकसित होती प्रतिभा भी भारत को वैश्विक निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाती है। रक्षा और औषधि क्षेत्र में भारत न केवल घरेलू मांग पूरी कर रहा है, बल्कि निर्यात के माध्यम से वैश्विक जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
श्री बिरला ने कहा कि कि नई पीढ़ी की प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व हासिल करने के लिए घरेलू उद्योगों को अनुसंधान एवं विकास पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।
श्री जेसन मीक्स ने कहा , “हाल के वर्षों में आर्थिक और रणनीतिक, दोनों ही मोर्चों पर भारत और अमेरिका ने लंबा सफर तय किया है। … हमारे संबंध इस समय ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण दौर में हैं। ऊर्जा, औषधि, महत्वपूर्ण खनिज, उन्नत प्रौद्योगिकी और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देश साझेदारी कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि भारतीय विनिर्माण कंपनियां वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में विश्वसनीय और सक्षम साझेदार के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं। वाहन कलपुर्जों, औषधियों और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में भारतीय कंपनियां वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी बन रही हैं। वहीं, अमेरिकी कंपनियां इस साझेदारी को और मजबूत करने के लिए वैश्विक प्रौद्योगिकी, पूंजी और विशेषज्ञता उपलब्ध करा रही हैं।
रेमंड ग्रुप के चेयरमैन गौतम हरि सिंघानिया ने कहा कि भारत और अमेरिका के उद्योगों को इस बात पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए कि वे अगले 25 वर्षों में मिलकर क्या निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत को केवल विनिर्माण के वैकल्पिक केंद्र के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि उसमें एक विश्वसनीय वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने की पूरी क्षमता है।
आईएसीसी के समिट चेयर एवं नेशनल पास्ट प्रेसिडेंट ललित बसीन ने कहा कि दोनों देशों के कारोबारियों, संस्थानों और नागरिकों के बीच मजबूत सहयोग वैश्विक विकास और नवाचार को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा। आने वाले वर्षों में भारत-अमेरिका साझेदारी वैश्विक आर्थिक विकास और संस्थागत सहयोग की प्रमुख ताकत बनेगी।”
सम्मेलन में आईएसीसी की समिट को-चेयर एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तथा डीएलएफ फाउंडेशन की चेयरपर्सन पिया सिंह ने कहा, ” भारत-अमेरिका साझेदारी केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश, कौशल विकास और नवाचार आधारित सहयोग के माध्यम से युवाओं के लिए अवसर सृजित करने से भी जुड़ी है।”
आईएसीसी के सम्मेलन के सह-अध्यक्ष एवं फोरम की कार्यकारी परिषद के सदस्य, एमिटी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. अतुल चौहान ने कहा, “भारत-अमेरिका साझेदारी का भविष्य केवल सरकारों और कारोबारियों से ही नहीं, बल्कि हमारे विश्वविद्यालयों और युवाओं से भी तय होगा। शिक्षा, उद्योग और नवाचार को एक-दूसरे के करीब लाकर हम अगली पीढ़ी को रोजगार सृजन, नए विचारों के विकास और दोनों देशों की आर्थिक प्रगति में योगदान देने के लिए तैयार कर सकते हैं।”
समारोह में पुरस्कृत लोगों में , गौतम हरि सिंघानिया (रेमंड ग्रुप), डॉ. बीना मोदी (मोदी एंटरप्राइजेज), अंजू आहूजा ( आहूजा शॉल्स एंड फैब्रिक्स), जस्मोहन सिंह ( फ्रिक इंडिया), विशाल अग्रवाल (सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज) और पार्थ गौतम ( इन्वर्टिस विश्वविद्यालय)
