बैतूल में शराब छुड़ाने के नाम पर पिलाया जड़ी-बूटी का घोल, 2 की मौत, 5 की हालत बिगड़ी

बैतूल। शराब की लत छुड़ाने के नाम पर जड़ी-बूटी से तैयार किया गया तरल पदार्थ पीना सात लोगों को भारी पड़ गया। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के पाटाखेड़ा गांव में इस पदार्थ को पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की तबीयत बिगड़ गई। सभी लोग शराब की लत से छुटकारा पाने की उम्मीद में यह घोल पीने पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस ने एक ओझा समेत तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

मामला चिचोली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को सात लोगों ने एक पौधे की जड़ से तैयार किया गया लाल रंग का तरल पदार्थ पिया था। बताया जाता था कि इस घोल के सेवन से शराब पीने की आदत छूट सकती है। लेकिन इसे पीने के कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना में रामकिशोर झाड़े (34) और संजय उइके (22) की मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है। इनमें मोहन अमरुते, राकेश उइके, विजय उइके और रामदास अहाके सहित अन्य लोग शामिल हैं।
जड़ से तैयार किया जाता था लाल रंग का घोल
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब छुड़ाने के नाम पर एक विशेष पौधे की जड़ को पानी में भिगोकर लाल रंग का तरल तैयार किया जाता था। इसे शराब की लत खत्म करने वाला बताया जाता था। पूछताछ में यह भी पता चला है कि कुछ लोगों ने जल्दी नशे की आदत छोड़ने की उम्मीद में निर्धारित मात्रा से अधिक घोल पी लिया था।
ओझा समेत तीन लोगों पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके से पौधे की जड़ का चूरा और लाल रंग का तरल पदार्थ जब्त किया है। एडिशनल एसपी कमलेश कुमार खरपुसे के मुताबिक, इस मामले में ओझा परते, शरद कवड़े और रमेश उइके के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 286 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जब्त किए गए पदार्थ की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस तरल के सेवन से दोनों की मौत कैसे हुई।

Next Post

ओंकारेश्वर में पंचक्रोशी यात्रा शुरू, पहले दिन 20 हजार श्रद्धालु हुए रवाना

Thu Nov 19 , 2026
ओंकारेश्वर। पांच दिवसीय पंचक्रोशी यात्रा का शुभारंभ हो गया है। गुरुवार को करीब 20 हजार श्रद्धालु नर्मदा स्नान और ममलेश्वर मंदिर के दर्शन के बाद यात्रा पर रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालु अंजरुद, सनावद, टोकसर, बड़वाह और सिद्धवरकूट होते हुए वापस ओंकारेश्वर पहुंचेंगे। यहां ओंकार पर्वत की परिक्रमा और […]

You May Like