इंदौर. शहर का सराफा बाजार गैस टंकियों के कारण कभी हादसे का शिकार होकर उड़ सकता है. सराफा बाजार में खतरनाक स्थिति का आंकलन इसी से लगाया जा सकता है कि करीब दो हजार गहने बनाने के कारखाने है, जिनमें 10 हजार से ज्यादा कारीगर काम करते हैं. आग बुझाने के साधन के तौर पर सिर्फ फायर स्टीग्यूशन लगे है, लेकिन पानी और सुरक्षा के अन्य कोई संसाधन नहीं है.
शहर के मध्य प्रमुख बाजारों में राजबाड़ा के पीछे सराफा बाजार भी है. प्रशासन सराफा में कोई हादसा या दुर्घटना होने का इंतजार कर रहा है. जैसा कि नव भारत ने कल ही उल्लेख किया था कि 5 हजार गैस सिलेंडरों का जखीरा है सराफा. उक्त अनुमान की पुष्टि सराफा में संचालित करीब दो हजार कारखानों से हो रही है. बताया जाता है कि सराफा में स्वर्ण आभूषण बनाने के करीब दो हजार कारखानों में 10 हजार सिर्फ कारीगर काम करते है. बाजार में व्यापार और एसआईआर के कारण यह संख्या घट गई हैं. पहले इंदौर सराफा बाजार में गहने बनाने वाले कारीगरों की संख्या 20 हजार के लगभग थी. इससे बढ़कर जानकारी यह है कि अधिकांश कारखाने मालिकी जगहों पर संचालित है. मतलब यह है कि सराफा में संचालित गहने निर्माण के कारखाने दुकानें और जगह खरीदकर मालिकी हक से संचालित हो रहे हैं. सराफा में व्यापारी, दुकान पर काम करने वाला स्टॉफ और बंगाली कारीगर को मिलकर हर समय 25 से 40 हजार के बीच जनता मौजूद रहती है. इतनी बड़ी संख्या में करीब पौन किलोमीटर के एरिया में जनता की मौजूदगी बताती है कि प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की लापरवाही से हादसा होने पर अनगिनत गैस सिलेंडर बम की तरह फूटेंगे. गैस सिलेंडर फूटने के दौरान सराफा बाजार के कई हिस्से उड़ जाएंगे. इसका दोष हमेशा की तरह प्रशासनिक विभाग एक दूसरे पर ढोलने का काम करते दिखेंगे.
चार साल से पीएनजी गैस लाइन नहीं डालीः अध्यक्ष
देवी अहिल्या बंगाली स्वर्ण शिल्पी सेवा समिति के अध्यक्ष सुशांता सामन ने बताया कि सराफा में क्षेत्रीय पार्षद पति, सराफा एसोसिएशन और आभूषण निर्माताओं की चार साल पहले कलेक्टर से चर्चा हुई थी. उस समय कलेक्टर ने चार महीने में अवंतिका गैस कंपनी की लाइन डालने का कहा था. पार्षद पति राठौर के साथ दो दिन सर्वे हुआ, लेकिन आज तक चार साल बीतने के बाद भी लाइन नहीं डाली गई. हमारे कारखानों पर आग बुझाने के 5 किलो के फायर इंस्टीग्यूशन लगे है. अवंतिका गैस के अधिकारियों ने कहा था कि एक एक कारखाने को 70 से 80 हजार का लाइन डालने और कनेक्शन का खर्चा आएगा. हम उसके लिए भी तैयार थे, जबकि अवंतिका गैस की लाइन मल्हारगंज ओर दूसरी तरह राजबाड़े के कोने तक आई हुई है, लेकिन सराफा के अंदर आज तक लाइन नहीं आ पाई है.
चेतावनी दे चुके हैं पुराने हादसे, फिर भी नहीं जागा सिस्टम
इंदौर। सराफा बाजार और आसपास की गलियों में आगजनी की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। अक्टूबर 2026 में मारोठिया बाजार की तीन मंजिला दुकान में लगी आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियों को मुख्य सड़क पर खड़ा कर लंबे पाइप बिछाने पड़े थे। इससे पहले सितंबर 2026 में बड़ा सराफा के अंदरूनी मार्केट की एक ज्वेलरी शॉप में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ था। वहीं, फरवरी 2026 में धान गली स्थित बंगाली कारीगरों के कारखाने में आग भड़की थी, जहां गैस सिलेंडर भी रखा था। गनीमत रही कि हर बार समय रहते आग बुझा ली गई, वरना एक भी सिलेंडर फटता तो पूरा इलाका चपेट में आ सकता था।
सराफा और आसपास के इलाकों में हुए प्रमुख हादसे
* मारोठिया बाजार (अक्टूबर 2026): सराफा थाना क्षेत्र के व्यस्त मारोठिया बाजार में रामगोपाल किराना व पूजन सामग्री की तीन मंजिला दुकान में भीषण आग लगी थी। गली संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियां मुख्य सड़क पर ही खड़ी करनी पड़ीं।
* बड़ा सराफा – अंकलीकर मार्केट (सितंबर 2026): बड़ा सराफा के अंदरूनी हिस्से में स्थित एक ज्वेलरी शॉप (मॉडर्न ज्वेलर्स) में देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। संकरी गलियों और धुएं के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में डेढ़ घंटे तक भारी मशक्कत करनी पड़ी और लाखों रुपए का सामान व फर्नीचर जलकर खाक हो गया।
* धान गली (फरवरी 2026): सराफा से सटी धान गली के उस हिस्से में सुबह आग भड़क उठी थी, जहां बंगाली कारीगर आभूषण बनाने का काम करते हैं। घटनास्थल पर गैस सिलेंडर भी मौजूद था। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना सिलेंडर फटने से पूरे सराफा बाजार में बड़ी तबाही मच सकती थी।
* सराफा चौपाटी (दिसंबर 2023): देर रात लगने वाली प्रसिद्ध सराफा चौपाटी की दुकानों में भीषण आग लग गई थी, जिसमें कई दुकानें जलकर खाक हो गई थीं। यहां भी बड़ी संख्या में व्यावसायिक और घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग होता है।
* इसके अलावा बर्तन बाजार व पीपली बाजार क्षेत्र (पूर्व की घटनाएं): सराफा से लगी इन गलियों में भी केमिकल, पॉलिश और गैस बर्नर के इस्तेमाल के दौरान कई बार आग भड़कने और सिलेंडर लीकेज की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां संकरे रास्तों की वजह से राहत कार्य में हमेशा बाधा आती है।
—————–
क्यों इतना खतरनाक है एलपीजी सिलेंडर
सराफा की संकरी गलियों और बंद कारखानों में रखे एलपीजी सिलेंडर किसी बम से कम नहीं हैं। तकनीकी रूप से एलपीजी हवा से लगभग दोगुनी भारी होती है, इसलिए रिसाव होने पर यह ऊपर उठने के बजाय फर्श और बंद कमरों के निचले हिस्से में जमा हो जाती है। हवा में इसकी मात्रा मात्र दो से नौ प्रतिशत होते ही बिजली के स्विच या बर्नर की एक छोटी सी चिंगारी भीषण धमाका कर सकती है। आग लगने पर यदि सिलेंडर गर्म हो जाए, तो भीतर दबाव बढ़ने से वह फट जाता है और उसके लोहे के टुकड़े 200 से 300 मीटर दूर तक किसी मिसाइल की तरह जानलेवा बनकर उड़ते हैं। सराफा की इमारतों में एक साथ कई सिलेंडर रखे होने से एक धमाके के बाद चेन रिएक्शन शुरू होने का खतरा है, जिसे रोकना असंभव होगा।
————-
इस दर्दनाक हादसे से सबक ले सिस्टम: जब सिलेंडर धमाकों ने लील ली थीं 8 जिंदगियां
सराफा की संकरी गलियों में रखे हजारों सिलेंडरों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है, इसका सबसे खौफनाक उदाहरण खुद इंदौर देख चुका है। 18 मार्च 2026 की तड़के तिलक नगर क्षेत्र के ग्रेटर ब्रजेश्वरी एनएक्स (प्रीति नगर) स्थित एक तीन मंजिला मकान में आग लगने के बाद भीतर अवैध रूप से रखे कमर्शियल और घरेलू सिलेंडरों में एक के बाद एक चार भीषण धमाके हुए थे। मकान के अंदर कमर्शियल समेत एक दर्जन से ज्यादा सिलेंडर रखे थे। धमाके इतने जोरदार थे कि इमारत का हिस्सा ढह गया और अंदर फंसे परिवार के आठ सदस्यों की जिंदा जलकर व दम घुटने से मौत हो गई। उस समय दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर बाकी बचे सिलेंडरों को बाहर निकाला था, वरना पूरा मोहल्ला मलबे में बदल जाता।
