​दावे 24 घंटे के, मौके पर नो एम्बुलेंस: बुधनी में लापरवाही से भड़के लोग, तड़पता रहा घायल

बुधनी। सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की पोल देर रात उस समय खुल गई, जब सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल एक युवक को नर्मदापुरम अस्पताल भेजने के लिए एम्बुलेंस तक उपलब्ध नहीं कराई जा सकी.

अस्पताल परिसर में एम्बुलेंस मौजूद होने और 24 घंटे ड्यूटी व्यवस्था के दावों के बावजूद घायल को निजी वाहन से रवाना करना पड़ा. बताया जाता है कि बीती रात होलीपुरा स्थित पेट्रोल पंप के समीप सड़क दुर्घटना में प्रदीप प्रजापति गंभीर घायल हो गया. सूचना मिलते ही बजरंग दल कार्यकर्ता नितेश गुर्जर एवं आदित्य गुर्जर घायल युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. कपिल लोवंशी ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर कर दिया. जब घायल को नर्मदापुरम पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की मांग की गई, तब अस्पताल प्रबंधन एम्बुलेंस उपलब्ध कराने में विफल रहा. इस दौरान साथ आए युवकों का कहना है कि अस्पताल में मौजूद एम्बुलेंस सेवा का लाभ नहीं दिया गया और उन्हें घायल को अन्य साधन से ले जाने की सलाह दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति को देखते हुए मजबूरन निजी वाहन की व्यवस्था कर उसे नर्मदापुरम भेजा गया. इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

Next Post

सीहोर में नाली-घाट की बदहाली पर भड़के सांसद शर्मा, अधिकारी को फटकारा और खुद उठा ली झाड़ू

Thu Jun 11 , 2026
सीहोर। सीवन नदी घाट की बदहाल सफाई व्यवस्था को देखकर भोपाल संसदीय क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा नाराज हो गए. उन्होंने नपा सीएमओ को मौके पर ही व्यवस्थाओं को लेकर खरी-खरी सुनाई और कहा कि दफ्तरों में बैठकर निर्देश देने से काम नहीं चलेगा.जमीनी हकीकत भी देखनी चाहिए. इसके बाद […]

You May Like