21 करोड़ की अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का भंडाफोड़, कानपुर से फर्जी कंपनी के 3 मास्टरमाइंड गिरफ्तार

ग्वालियर: ट्रेडिंग के नाम पर 21 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड ठगी करने वाले गिरोह पर राज्य साइबर पुलिस ज़ोन ग्वालियर ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में दबिश देकर एक फर्जी कंपनी की आड़ में साइबर फ्रॉड चला रहे तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरोह एपीके फ़ाइल, फर्जी वेब प्लेटफॉर्म और विदेश की आईपी एड्रेस का उपयोग कर देश के कई राज्यों में साइबर ठगी का जाल फैलाए हुए था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी सीए अशोक विजयवर्गीय ने ट्रेडिंग के माध्यम से अत्यधिक लाभ का लालच देकर 21,05,92,000 रुपये की ठगी किए जाने संबंधी शिकायती आवेदन दिया था।

मामला सामने आते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 106/26, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान साइबर पुलिस को चौंकाने वाली तकनीकी जानकारियां मिलीं। गिरोह ने एक फर्जी वेब पेज बना रखा था। इस वेब पेज पर निवेश की गई राशि का बढ़ता-घटता ग्राफ दिखाई देता था, जिससे निवेशकों को असली मुनाफा होने का भ्रम होता था और वे अधिक से अधिक पैसे जमा करते चले जाते थे। इस फेक वेबसाइट को विदेशी एड्रेस के माध्यम से नियंत्रित किया जा रहा था।
तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि आरोपियों ने कानपुर में ‘ब्रिकनोवा बिल्डकोन प्राइवेट लिमिटेड’ नाम से एक फर्जी कंपनी खड़ी कर रखी थी। इसी कंपनी के नाम से बैंक में करंट अकाउंट खुलवाया गया था, जिसका उपयोग ठगी का पैसा रूट करने के लिए किया जाता था।
खाता संचालक एपीके फ़ाइल की मदद से अलग-अलग राज्यों के बैंक खातों को दूर बैठकर संचालित करता था। गिरफ्तार आरोपियों के खाते में फरियादी के पहली लेयर के 25 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन मिला है। इसके अलावा, इस खाते से देश के 5 राज्यों के 7 स्थानों पर हुई करीब 1 करोड़ 37 लाख रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन होना पाया गया है।
अनेक ईमेल आईडी और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर निरीक्षक मुकेश कुमार नरोलिया, उप निरीक्षक शैलेन्द्र राठौर एवं आरक्षक पुष्पेन्द्र यादव की टीम ने कानपुर में दबिश दी। मामले में पूर्व में भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
अलोक गुप्ता (उम्र 20 वर्ष), पिता- सुरेन्द्र गुप्ता, निवासी- 1695 बारासिरोही, कल्यानपुर, कानपुर नगर (उ.प्र.)
सौरभ सोनकर (उम्र 27 वर्ष), पिता- स्व. सुनील सोनकर, निवासी- मकान नंबर A-13 धामीखेडा मस्वानपुर, कल्याणपुर, कानपुर नगर (उ.प्र.)
रंजीत (उम्र 32 वर्ष), पिता- राम बाबू, निवासी- तारखेडा, जनपद उन्नाव (उ.प्र.)।
पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि ठगी की शेष राशि की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Next Post

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में कथक के रंग में रंगा कृष्ण जन्मोत्सव

Fri Sep 4 , 2026
ग्वालियर: राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के कथक नृत्य विभाग द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव” का आयोजन किया गया। भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण इस आयोजन में विभाग के विद्यार्थियों ने कथक नृत्य के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, उनके दिव्य स्वरूप और कृष्ण-भक्ति के […]

You May Like