भोपाल, 29 मई (वार्ता) महाराष्ट्र की सीमा से लगे मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में आंधी तूफान और बारिश के कारण केले की फसल को नुकसान हाेने की खबर के बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि फसल को क्षति के बारे में सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा, “बुरहानपुर जिले के विभिन्न गांवों में आंधी-तूफान और तेज बारिश के कारण केले की फसल की क्षति को लेकर किसान बंधु चिंतित न हों, हमारी सरकार आपके साथ है। मध्यप्रदेश में केला उत्पादन की दृष्टि से बुरहानपुर महत्वपूर्ण जिला है। इस संबंध में मैंने संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को तुरंत प्रभावित गांवों में केले की फसल का सर्वे कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दे दिए हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर किसान बंधुओं को उचित क्षतिपूर्ति की सहायता राशि दी जाएगी। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान में राज्य सरकार सदैव अन्नदाताओं के साथ खड़ी है।”
मध्यप्रदेश में इन दिनों मानसून पूर्व की गतिविधियों के चलते पश्चिमी हिस्से समेत लगभग सभी जिलों में बादल छाए रहने के साथ ही गरज चमक के साथ बारिश हो रही है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलती हैं। अब तक राज्य के पश्चिमी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में मानसून पूर्व की गतिविधियां और बारिश देखी गयी है। उत्तरी अंचल में अपेक्षाकृत इसका प्रभाव कम है। बुरहानपुर जिला राज्य के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में स्थित है।

