सतना : शहर के सेमरिया चौक में पिछले कई दिनों से बाबस्ता अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही. इसी कड़ी में दिन भर कार्रवाई के बाद शाम होने पर निगमायुक्त ने एक बार फिर मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.शहर के समरिया चौक क्षेत्र व आस पास के क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और उसकी वजह से यातायात प्रभावित होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा द्वारा मातहत अमले को कार्रवाई संबंधी निर्देश दिए गए थे. जिसके चलते उपायुक्त व अतिक्रमण प्रभारी अनुराग तिवारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य अधिकारी व अतिक्रमण दस्ता मौके पर पहुंचा और कार्रवाई शुरु कर दी. दिन भर चली कार्रंवाई के चलते वहां पर मौजूद ठेाला-गुमटियों को हटा दिया गया.
लेकिन शाम होते होते कुछ अतिक्रमणकारी वापस लौट आए. जिसकी जानकारी मिलने पर निगमायुक्त दल बल के साथ शाम को फिर से मौके पर पहुंच गए. इस दौरान दोबारा लौटे अतिक्रमकारियों को हटाकर उन्हें दो टूक चेतावनी दी गईं. सेमरिया चौक से अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रही. कार्रवाई का यह दायरा सेमरिया चौक से लेकर पुराने बस स्टैण्ड तक भी पहुंच गया. जहं पर जेसीबी की मदद से कई अतिक्रमण हटाए गए. इसी कड़ी में मंगलवार की शाम एक बार फिर से निगमायुक्त मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान निगमायुक्त ने मातहत अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि सेमरिया चौक और बस स्टैण्ड दोनों ही स्थानों पर नियमित निगरानी की जाए, जिससे दोबारा अतिक्रमण न होने पाए. इसी कड़ी में उन्होंने ठेला संचालकों और दुकानदारों से सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन बाधित न करने की अपील भी की.
भरहुत मोड़ पर हुई नाप-जोख
सेमरिया चौक और बस स्टैण्ड में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ ही ननि अमला शहर के भरहुत मोड़ क्षेत्र में भी सक्रिय नजर आया. दरअसल बड़े बकाएदारों की सूची जारी करने और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी निगमायुक्त द्वारा एक दिन पहले ही दे दी गई थी. इसी कड़ी में ननि अमले द्वारा मंगलवार को भरहुत मोड़ पर रीवा रोड किनारे स्थित कुछ बड़े प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर नाप-जोख की गई. हलांकि इस कार्रवाई की जानकारी ननि द्वारा साझा नहीं की गई.
