सतना : शहीद पद्मधर सिंह शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पीएम उषा के तत्वावधान में लैंगिक संवेदीकरण विषय पर एकदिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. आर.एस. गुप्ता ने कहा कि समाज में लैंगिक समानता और संवेदनशीलता बनाए रखना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. आयोजन युवाओं के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
मुख्य अतिथि ए.जी. खान की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में शामिल हुए एडवोकेट अनवर अली, डॉ. दिनेश कुमार और सेड मैप के जिला समन्वय अधिकारी सतीश वर्मा ने लैंगिक संवेदीकरण के कानूनी, सामाजिक और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कार्यस्थल और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा तथा समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया.
इससे पूर्व पीएम उषा के जिला नोडल अधिकारी डॉ. नवीन कुमार, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. गौहर हुजैफा खान एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी राजाराम चौधरी ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य पर अपने विचार साझा किए.इस अवसर पर प्रो. अनिल लोधी, डॉ. संजय कुमार चौरसिया, प्रो. नरेन्द्र पटेल, डॉ. आमना सिंह, प्रो. मनोरमा रैकवार सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
