सुनवाई में पहुंचे 22 कब्जाधारी, किसी के पास नहीं मिले स्वामित्व के दस्तावेज

सतना। हवाई पट्टी के विस्तार में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद मंगलवार को तहसील कार्यालय में आयोजित सुनवाई में चिह्नित 26 अतिक्रमणकारियों में से 22 कब्जाधारी उपस्थित हुए, लेकिन इनमें से किसी ने स्वामित्व से जुड़ा वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका.

हवाई पट्टी के विस्तार का रास्ता साफ करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दो हफ्ते पहले ग्राम सोनौरा चेक उतैली स्थित खसरा नंबर 131/2 की भूमि पर अवैध कब्जा जमाए 26 लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. नोटिस के तहत मंगलवार को सुबह 11 बजे सुनवाई निर्धारित की गई थी. सुनवाई के दौरान 22 अतिक्रमणकारी या उनके प्रतिनिधि कार्यालय में उपस्थित तो हुए, लेकिन जब उनसे एयरपोर्ट की जमीन पर किए गए निर्माण और स्वामित्व के साक्ष्य मांगे गए, तो वे कोई भी ठोस सरकारी अभिलेख या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. वहीं, 4 अतिक्रमणकारी सुनवाई में अनुपस्थित रहे.

बेदखली की कार्रवाई का रास्ता साफ
खसरा नंबर 131/2 रकबा 3.1490 हेक्टेयर की यह भूमि शासकीय अभिलेखों में एयरपोर्ट अथॉरिटी के स्वामित्व में दर्ज है, जिस पर लोगों ने टीन शेड और अन्य अस्थायी व पक्के निर्माण कर कब्जा कर लिया था. किसी भी कब्जाधारी के पास वैध दस्तावेज न होने से अब इस पूरे मामले में अंतिम निर्णय एयरपोर्ट अथॉरिटी को लेना है. दस्तावेजों के अभाव और अनुपस्थित रहने वाले कब्जाधारियों के खिलाफ अब अथॉरिटी द्वारा एकपक्षीय बेदखली की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की इस सख्त कवायद के बाद अब हवाई पट्टी के विस्तार में आ रही सबसे बड़ी बाधा जल्द दूर होने की उम्मीद जगी है.

Next Post

स्कूली बच्चों से भरा आटो पलटा

Wed Nov 18 , 2026
सतना :मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में मंगलवार को स्कूली बच्चों से भरा आटो के पलट जाने की घटना सामने आई. इस घटना के चलते आटो में सवार 2 बच्चे घायल हो गए. जिनका उपचार सिविल अस्पताल में जारी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में रामनगर […]

You May Like