
इंदौर. प्रेम विवाह से नाराज एक ससुर ने अपने दामाद को रास्ते से हटाने के इरादे से रेलवे स्टेशन परिसर में उस पर गोली चला दी थी. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. करीब एक महीने बाद जीआरपी ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ससुर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी जब्त की गई है.
घटना 19 अक्टूबर की है, रतलाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद सुनील प्रजापत उम्र 29 साल स्टेशन स्थित रेस्टोरेंट ऑन व्हील के पीछे से जा रहा था. इसी दौरान आरोपियों ने उसे निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से दो फायर किए. एक गोली सुनील की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घायल को अस्पताल पहुंचाया. बाद में वडोदरा में ऑपरेशन कर उसकी पीठ में फंसी गोली निकाली गई. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कोमल सिंह पंवार फरियादी का ससुर है. सुनील ने उसकी बेटी से प्रेम विवाह किया था, इसी बात को लेकर वह नाराज था. इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी गौरव नागदा के साथ मिलकर सुनील पर हमला करने की साजिश रची और रेलवे स्टेशन परिसर में उस पर फायरिंग कर दी. जीआरपी ने लगातार दबिश और जांच के बाद कोमल सिंह पंवार उम्र 49 साल, रहने वाला जूनी कलाल सेरी, रतलाम और उसके साथी गौरव नागदा उम्र 37 साल, रहने वाला जवाहर मार्ग, नागदा जंक्शन, जिला उज्जैन को गिरफ्तार किया है. एसपी रेल ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल जब्त की गई. इसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया.
