
नीमच। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को बड़ी सौगात देते हुए पुलिस विभाग में खेल कोटे से सीधी भर्ती प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी है। अब राज्य में हर साल 60 पदों पर खिलाडिय़ों की सीधी नियुक्ति की जाएगी। इस निर्णय से उन खिलाडिय़ों को सीधा फायदा मिलेगा जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतिवर्ष खेल कोटे से 60 पदों पर भर्ती होगी, जिनमें 10 पद उप निरीक्षक और 50 पद आरक्षक के लिए आरक्षित होंगे। पहले मुख्य रूप से केवल पदक विजेताओं को प्राथमिकता मिलती थी, लेकिन नए नियमों के तहत अब ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और विश्व कप/चौंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी सीधी भर्ती के लिए पात्र माने जाएंगे। संशोधित नियमों के अनुसार, उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, ऊंचाई संबंधी शारीरिक मापदंड, लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा से पूरी तरह छूट प्रदान की जाएगी। यह प्रक्रिया पुलिस मुख्यालय की चयन एवं भर्ती शाखा द्वारा अब हर साल नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
विधायक परिहार ने विधानसभा में उठाया था मुद्दा
खिलाडिय़ों के हित में यह बड़ा फैसला नीमच के लोकप्रिय विधायक दिलीपसिंह परिहार के प्रयासों का भी परिणाम है। विधायक परिहार ने विधानसभा के विगत शीतकालीन सत्र में खिलाडिय़ों के करियर और रोजगार से जुड़े प्रश्न प्रमुखता से उठाए थे। जिस पर प्रदेश सरकार ने सकारात्मक संज्ञान लेते हुए नई व्यवस्था के तहत यह निर्णय लिया है।
सरकार के इस कदम को लेकर नीमच के विभिन्न खेल संगठनों में हर्ष का माहौल है। खेल संगठनों ने इसे खिलाडिय़ों के हित में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय बताया है। संगठनों का कहना है कि इससे युवाओं को सम्मानजनक रोजगार के अवसर मिलेंगे और वे अपनी खेल गतिविधियों में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे। शहर के खेल प्रेमियों और संगठनों ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, खेल मंत्री विश्वास सारंग और नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
