कुख्यात आतंकवादी साकिब नाचन की मौत, भिवंडी में भारी पुलिस बल तैनात

मुंबई, 28 जून (वार्ता) कुख्यात आतंकवादी साकिब नाचन की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत के बाद महाराष्ट्र के बोरीवली और पडघा दोनों जगहों पर 200 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है और गांव में प्रवेश करने वाले हर वाहन की जांच की जा रही है।

भिवंडी तालुका में पडघा-बोरीवली नाचन का गृहनगर है। पुलिस ने कहा कि उसकी मौत की खबर के बाद बोरीवली और पडघा दोनों जगहों पर 200 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। साकिब नाचन मुंबई सीरियल बम धमाकों का मुख्य आरोपी था। बाद में उसे इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएसआई) मॉड्यूल मामले में दिसंबर 2023 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने फिर से गिरफ्तार किया था। उसे दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया था। ब्रेन स्ट्रोक होने के बाद उसे आगे के इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। नाचन का शव भिवंडी के बोरीवली गांव लाया जाएगा, इसलिए किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था को बाधित होने से रोकने के लिए वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी की छापेमारी से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि भिवंडी-नासिक राजमार्ग पर स्थित पडघा-बोरीवली गांव को अलग मुस्लिम बहुल राष्ट्र घोषित करने की कोशिशें पिछले कई दिनों से चल रही थीं। एनआईए का कहना है कि इस गांव को सीरिया जैसी धरती बनाने की साजिश रची गयी थी। देश की आर्थिक और महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से महज 50 किलोमीटर दूर यह देश विरोधी कृत्य हो रहा है। महाराष्ट्र आईएसआईएस आतंकी मॉड्यूल पर छापेमारी के दौरान एनआईए ने भारी मात्रा में बेहिसाब नकदी, गोला-बारूद , धारदार हथियार, आपराधिक दस्तावेज, स्मार्टफोन और अन्य डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। इस समूह का एक मुख्य संदिग्ध साकिब नाचन था, जो खुद को खलीफा यानी अल्लाह का उत्तराधिकारी मानता था। उसने पिछले कई सालों से व्यवस्थित तरीके से आईएसआईएस से जुड़ी एक के बाद एक हरकतें शुरू कर दी थीं।

 

 

 

Next Post

राष्ट्रपति की भव्य अगवानी करेगा गोरखपुर :योगी

Sat Jun 28 , 2025
गोरखपुर 28 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह में शामिल होने आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की भव्य अगवानी में कोई खामी न रहे इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन शनिवार को गोरखपुर के भटहट के पिपरी स्थित आयुष विश्वविद्यालय का भ्रमण.निरीक्षण […]

You May Like