
छतरपुर। छतरपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मोरहा में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ग्रामीणों से ₹1000–₹1000 की राशि वसूले जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह वसूली ग्राम पंचायत के द्वारा की जा रही है, जिससे गांव में असंतोष और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसमें पात्र हितग्राहियों से किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जानी चाहिए। इसके बावजूद योजना का लाभ दिलाने के नाम पर उनसे ₹1000 की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई लोगों ने डर और मजबूरी में राशि भी जमा कर दी है, जबकि कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों का पक्ष सामने नहीं आ पाया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह शासन की योजना की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
