सुगनीदेवी कॉलेज परिसर में युवती पर जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत — लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार

इंदौर: सुगनीदेवी कॉलेज परिसर के पास गंभीर हालत में मिली एक युवती की एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. युवती को शनिवार सुबह राहगीरों ने घायल अवस्था में देखा था, जिसके बाद पुलिस एफआरवी की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया था. युवती के हाथों और शरीर पर कई टैटू बने हुए थे, वहीं शरीर पर ब्लेड से काटने जैसे पुराने निशान भी पाए गए. प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों को उसके साथ ज्यादती की आशंका हुई, जिसके चलते मेडिकल सैंपल भी लिए थे.

डीसीपी कुमार प्रतिक ने बताया कि पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवती पर हमला तीन पुलिया क्षेत्र में रहने वाले उसके 45 वर्षीय लिव-इन पार्टनर मुकेश कोरी ने ही किया था. थाना प्रभारी आरडी कानवा की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है, युवती के बारे में पता चला है कि वह मूल रूप से इटारसी की रहने वाली थी और पिछले कुछ वर्षों से इंदौर में रह रही थी. वह और मुकेश नशे के आदी थे और कुछ समय से साथ रह रहे थे. शनिवार की देर रात दोनों ने परदेशीपुरा क्षेत्र से शराब खरीदी और एक खाली मैदान में बैठकर पी.

इसी दौरान युवती के अन्य युवकों से संबंध होने के शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. नशे की हालत में मुकेश ने पास पड़े पत्थर से युवती के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गया. सुबह करीब साढ़े छह बजे लोगों ने युवती को खून से लथपथ हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी. पहले पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन युवती की मौत के बाद अब धाराएं बढ़ाकर हत्या का केस दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. मामले में जल्द ही चार्जशीट तैयार कर न्यायालय में पेश की जाएगी

Next Post

ब्राउन शुगर तस्करी में दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 13.30 ग्राम मादक पदार्थ जब्त

Sun Feb 8 , 2026
इंदौर: शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के नेटवर्क पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हीरानगर पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 13.30 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद […]

You May Like