ओबीसी छात्रावास में गार्ड की दबंगई: छात्रों के आरोप पर जांच के निर्देश

छतरपुर। जिले की गणेश कॉलोनी स्थित ओबीसी छात्रावास में पदस्थ एक गार्ड का छात्रों से विवाद और अभद्र भाषा में बातचीत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो बीती रात का बताया जा रहा है, जिसमें गार्ड छात्रों से उलझता और गाली-गलौज करता नजर आ रहा है।

छात्रावास में रह रहे छात्रों का आरोप है कि संबंधित गार्ड अक्सर नशे की हालत में ड्यूटी पर आता है और परिसर के भीतर ही शराब का सेवन करता है। नशे की स्थिति में वह छात्रों से आए दिन विवाद करता है, जिससे छात्रावास का माहौल बिगड़ रहा है।

रविवार रात छात्रावास परिसर से साइकिल चोरी की घटना के बाद गार्ड और छात्रों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान छात्रों ने गार्ड का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। छात्रों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी छात्रावास परिसर से लगभग 12 छात्रों की साइकिलें चोरी हो चुकी हैं, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

इस पूरे मामले पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित गार्ड के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, छात्रों ने मांग की है कि नशे की हालत में ड्यूटी करने वाले गार्ड को तत्काल हटाया जाए और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

 

Next Post

सेल्फ डिफेंस में छात्राओं ने किया लाइव डिमॉन्सट्रेशन

Tue Jan 6 , 2026
सागर। शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा संचालित कार्यशाला मे सोहेल खान ने छात्राओं को बेसिक्स ऑफ सेल्फ डिफेंस पर टेक्निकल और डिमॉन्सट्रेशन सेशन लिया। उन्होने बताया कि पांच बेसिक्स टेक्नीक्स होती हैं, जिसमें पहलीआईज अटैक, दूसरी नोज अटैक, तीसरी है इयर अटैक, चौथी ज्वाइंट अटैक और […]

You May Like