इंदौर: सांवेर रोड स्थित होटल श्याम पैलेस में प्रॉपर्टी कारोबारी जितेंद्र उर्फ जीतू साहू की संदिग्ध मौत की जांच अब कई नए एंगल पर पहुंच गई है. होटल में मौजूद लोगों की तलाश के साथ साथ पुलिस अब जीतू से जुड़े आर्थिक लेनदेन और प्रॉपर्टी निवेश की भी जानकारी जुटा रही है. सूत्रों के मुताबिक जीतू के माध्यम से कई लोगों ने प्रॉपर्टी में रकम लगाई थी. उसकी मौत के बाद निवेशकों में भी बेचैनी बढ़ गई है.
जांच एजेंसियों का फोकस उस महिला और उसके साथियों तक पहुंचने पर है, जिनके नाम घटना के बाद सामने आए हैं. पुलिस का मानना है कि इन लोगों से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना से पहले होटल के कमरे में क्या हुआ था और किन परिस्थितियों में जीतू दूसरी मंजिल से नीचे गिरा. परिजनों ने भी मामले में हत्या और ब्लैकमेल का संदेह जताया है. उनका आरोप है कि संबंधित महिला लंबे समय से जीतू पर दबाव बना रही थी और उससे कीमती सामान व अन्य लाभ भी लिए थे.
