
देवास-खातेगांव। थाना प्रभारी दिलीप पुरी हत्याकांड से जुड़े हाई प्रोफाइल शराब तस्करी मामले में फरार चल रहे लाइसेंसी पार्टेंद्र जायसवाल ने शुक्रवार को देवास न्यायालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया। लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी एसआईटी की टीम को जब उसके न्यायालय पहुंचने की जानकारी मिली तो टीम ने न्यायालय परिसर के बाहर ही मोर्चा संभाल लिया। न्यायालय से बाहर निकलते ही एसआईटी ने उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने मीडिया के सामने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उसने यहां तक दावा किया कि उसने आज तक शराब की दुकान तक नहीं देखी है।
थाना प्रभारी दिलीप पुरी हत्याकांड से जुड़े शराब तस्करी के मामले ने काफी सुर्खियां बटोरी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। जांच के दौरान शराब कारोबार से जुड़े लोगों और लाइसेंसधारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। इसी कड़ी में लाइसेंसी पार्टेंद्र जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। उसके संभावित ठिकानों पर कई दिनों से दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर था। शुक्रवार को अचानक उसके देवास न्यायालय पहुंचने से घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया।
खातेगांव में सरेंडर करने की दी गई सलाह-
सूत्रों के मुताबिक, पार्टेंद्र जायसवाल ने एसआईटी को बिना कोई सूचना दिए सीधे देवास न्यायालय पहुंचकर सरेंडर करने की पहल की। न्यायालय में जब मामला खातेगांव से संबंधित होने की बात सामने आई तो उसे वहीं सरेंडर करने की सलाह दी गई। इसके बाद जब वह अपने वकील के साथ न्यायालय से बाहर निकल रहा था, तभी पहले से सतर्क एसआईटी की टीम ने उसे पकड़ लिया। इस तरह कई दिनों से फरार चल रहे शराब दुकान के लाइसेंसी पार्टेंद्र जायसवाल को आखिरकार पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। अब जांच के दौरान उससे शराब कारोबार और कथित तस्करी से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ किए जाने की संभावना है।
आरोपी की सफाई- सिर्फ मेरे नाम से लिया था शराब दुकान का लाइसेंस
गिरफ्तारी के बाद न्यायालय परिसर के बाहर मीडिया से चर्चा करते हुए पार्टेंद्र जायसवाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया। उसने कहा कि उसे शराब दुकान के लाइसेंस के अलावा कोई जानकारी नहीं है। यहां तक कि टिमरनी में शराब की दुकान कहां स्थित है, यह भी उसने नहीं देखा है। आरोपी ने कहा कि इस घटना के बाद उसे काफी दुख हुआ है। उसका इस कांड से कोई लेना-देना नहीं है। सिर्फ उसके नाम से शराब दुकान का लाइसेंस लिया गया था। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि इतना बड़ा कांड हो जाएगा।
शराब तस्करी से भी किया साफ इनकार-
आरोपी ने शराब तस्करी में अपनी किसी भी तरह की भूमिका होने से साफ इनकार किया। उसका कहना था कि वह केवल लाइसेंस के नाम तक ही सीमित था और शराब दुकान के संचालन या अन्य गतिविधियों की उसे जानकारी नहीं थी। उसने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए पूरे घटनाक्रम से अनभिज्ञता जताई। हालांकि, मामले में उसकी वास्तविक भूमिका क्या रही है और शराब कारोबार से जुड़े किन लोगों के साथ उसका संपर्क था, यह जांच का विषय है। एसआईटी की पूछताछ और विवेचना के बाद ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
आरोपी विजय की रिमांड खत्म, न्यायालय ने भेजा जेल-
टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड मामले के आरोपी विजय राव की रिमांड अवधि समाप्त शुक्रवार को समाप्त हो गई। इसके बाद न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। आरोपी को पुलिस वाहन से कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय लाया गया व न्यायालय में पेश किया गया। यहां से जेल भेजा गया। इससे मामले आरोपी विजय से चल रही पूछताछ पर विराम लग गया है। एएसपी सौम्या जैन ने बताया कि मामले से जुड़े आवश्यक साक्ष्य और पूछताछ की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद, न्यायालय ने आरोपी विजय राव को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजने के आदेश जारी किए। वही अवैध शराब सिंडिकेट और दिलीप पुरी हत्याकांड से जुड़े आरोपी राहुल जायसवाल एवं वाहन मालिक केरमसिंह से एसआईटी की पूछताछ जारी है।
