कलेक्टर नेहा मीना ने बालिका छात्रावासों का किया निरीक्षण, भोजन की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

सोनकच्छ। कलेक्टर नेहा मीना ने शुक्रवार को सोनकच्छ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय छात्रावास एवं अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल एवं छात्राओं की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में कलेक्टर ने छात्राओं के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया और उनसे सीधे संवाद कर समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्राओं को शिक्षा के महत्व, विभिन्न करियर विकल्पों एवं भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने छात्रावास में पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं को आयरन सहित अन्य आवश्यक गोलियों का नियमित एवं समय पर सेवन करने की समझाइश दी।

भोजन में कीड़े निकलने और कच्ची रोटियां मिलने की शिकायत-

इसके बाद कलेक्टर ने अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई एवं शौचालयों की व्यवस्था में कमियां मिलीं। शौचालयों के दरवाजे भी टूटे हुए पाए गए। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत करते हुए बताया कि एक दिन भोजन में कीड़े निकले थे तथा कई बार कच्ची रोटियां परोसी जाती हैं। भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका (वार्डन) को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा संबंधित कुक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई में तत्काल सुधार करने को कहा।

तीन दिन में लगेंगे गीजर, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिलेगी कोचिंग-

निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने ठंड के मौसम को देखते हुए गीजर एवं शुद्ध पेयजल के लिए आरओ मशीन लगवाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने दोनों छात्रावासों में आगामी तीन दिनों के भीतर अच्छी गुणवत्ता के गीजर स्थापित कराने के निर्देश दिए। वहीं छात्राओं द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग पर एसी ट्राइबल विभाग को शीघ्र कोचिंग व्यवस्था प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्रावास में उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी लेते हुए आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने ई-वेस्ट को हटाकर नवीन कंप्यूटर सिस्टम स्थापित करने तथा कमरों में पंखे एवं लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।

एसडीएम को छात्रावासों की नियमित जांच के निर्देश-

पूर्व में शासकीय अनुसूचित छात्रावास में भोजन में कीड़े मिलने की घटना को लेकर कलेक्टर ने एसडीएम आनंद मालवीय को भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों की नियमित जांच एवं व्यवस्थाओं की निगरानी को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा कि क्या आप छात्रावासों में कभी जांच भी करते हैं या नहीं? उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर मीना ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित आवास एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम आनंद मालवीय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं छात्रावास प्रबंधन मौजूद रहे।

Next Post

वकील सुलह नहीं, झगड़ा करवाते हैं’ टिप्पणी पर अदालत ने जारी किया समन

Fri Nov 13 , 2026
इंदौर. धार्मिक कार्यक्रम में अधिवक्ताओं के पेशे को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में न्यायालयीन कार्रवाई शुरू हो गई है. चातुर्मास के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में दिए गए बयान को लेकर मानहानि का परिवाद पेश किया था. इस पर इंदौर जिला न्यायालय ने संबंधित संत को समन जारी […]

You May Like