मुंबई, 13 मई (वार्ता) लगातार दबाव में चल रहा रुपया बुधवार को बीच कारोबार में पहली बार 95.80 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया।
इससे पहले बीच कारोबार में रुपये का निचला स्तर 95.78 रुपये प्रति डॉलर था जो मंगलवार को दर्ज किया गया था हालांकि बाद में यह 40 पैसे की गिरावट के साथ 95.68 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में आज भारतीय मुद्रा अंत में 1.50 पैसे की बढ़त में 95.6650 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई।
रुपया आज 16 पैसे की मजबूती के साथ 95.52 रुपये प्रति डॉलर पर खुला, लेकिन इसके बाद इसका ग्राफ सीधे नीचे की तरफ गिरता गया और यह 95.80 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया। बाद में वापसी करता हुआ यह बढ़त में बंद हुआ। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी से रुपया मजबूत हुआ है, हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.2 प्रतिशत की तेजी ने भारतीय मुद्रा की बढ़त को सीमित रखा।
