नारायणपुर 24 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में आज दो नक्सलियों ने हरिंदर पाल सिंह सोही, उप महानिरीक्षक, बीएसएफ क्षेत्रीय मुख्यालय, रायपुर व नवल सिंह, कमांडेंट, 135 बटालियन बीएसएफ और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
पुलिस सूत्रों के मूुताबिक दोनों नक्सलियों पर कुल 10 लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में सुदेन कोरम उर्फ जानकू सरिता पोतावी उर्फ सरिता है। ये नक्सली महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ (एमएमसी) के माओवादी क्षेत्र में सक्रिय थे. इन क्षेत्रों में बालाघाट (मध्य प्रदेश), गोंदिया (महाराष्ट्र), राजनांदगांव, मुंगेली और कबीरधाम जिले (छत्तीसगढ़) शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान को और तेज करने के लिए चार राज्यों ने मिलकर रणनीति बनाई है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. के अनुसार नक्सलियों के खिलाफ अब निर्णायक लड़ाई शुरू हो चुकी है। सीपीआई (माओवादी) संगठन के बड़े लीडरों की प्रोफाइल तैयार कर ली गई है। जल्द ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बस्तर पुलिस सभी प्रतिबंधित माओवादी संगठनों के शीर्ष कैडर्स की प्रोफाइल तैयार कर जिले के थानों के साथ साझा कर दी है।
