
वाशिंगटन 19 अगस्त (वार्ता) श्री ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में श्री ज़ेलेंस्की और यूरोपीय देशों के कुछ नेताओं के साथ एक वार्ता के बाद सोमवार को यह बात कही।
श्री ट्रम्प ने कहा कि व्हाईट हाउस में हुयी वार्ताओं के दौरान उन्होंने श्री पुतिन से फ़ोन पर बात की। यह बातचीत अलास्का में दोनों नेताओं के बीच हुयी बैठक के बाद हुयी।
व्हाइट हाउस की बैठकों में यूक्रेन के लिए संभावित दीर्घकालिक सुरक्षा गारंटी पर ध्यान केंद्रित किया गया जिसे श्री ट्रम्प और यूरोपीय नेताओं ने संघर्ष को समाप्त करने के लिए ज़रूरी क़दम बताया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इन वार्ताओं को “बहुत अच्छा” बताते हुये कहा कि इसने संभावित ज़ेलेंस्की-पुतिन शिखर सम्मेलन की दिशा में गति प्रदान की है । यह तीन साल से भी ज़्यादा समय पहले रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण शुरू करने के बाद से दोनों नेताओं के बीच पहली मुलाक़ात होगी।
श्री ट्रम्प ने अपने ट्रुथ सोशल मंच पर लिखा “मुझे लगता है कि अगर हम उस बैठक तक पहुँच जाते हैं तो युद्ध समाप्त होने की ज्यादा संभावना होगी।” उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते को स्थायी होना चाहिए न कि उसका उद्देश्य केवल संघर्ष रोकना होना चाहिए।
अमेरिका राष्ट्रपति ने लिखा “रूस/यूक्रेन के लिए शांति की संभावना को लेकर हर कोई बहुत खुश है,।” उन्होंने युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त करने के अपने वादे पर ज़ोर दिया।
उधर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिकी प्रशासन श्री ज़ेलेंस्की और श्री पुतिन के बीच एक “अप्रत्याशित” बैठक आयोजित करने के लिए काम कर रहा है । उन्होंने इसे युद्ध समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
श्री रुबियो ने फॉक्स न्यूज़ पर एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि यह प्रयास अंततः श्री ट्रम्प के साथ एक त्रिपक्षीय बैठक का रूप ले सकता है। उन्होंने कहा “हम अभी उस मुकाम तक नहीं पहुँचे हैं लेकिन हमारा लक्ष्य यही है। आज जिन मुद्दों पर चर्चा हुई उनमें से एक यह है कि उस मुकाम तक कैसे पहुँचा जाए।”
गौरतलब है कि यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के लिये संभावित वार्ता के लिए श्री ट्रम्प, श्री ज़ेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं ने भाग लिया। ये सभी अलास्का में श्री पुतिन के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति की शिखर वार्ता के बाद एकत्र हुए थे।
इस बीच श्री ट्रम्प ने श्री ज़ेलेंस्की और अपने यूरोपीय समकक्षों के साथ दोबारा वार्ता शुरू करने से पहले ओवल ऑफिस से श्री पुतिन से फ़ोन पर बात की।
उधर फ़्रांसिसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि इन वार्ताओं का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम यूक्रेन के लिए ठोस सुरक्षा गारंटी प्रदान करने के लिए अमेरिका की तत्परता थी जिसे उन्होंने एक निर्णायक बदलाव बताया।
श्री मैक्रों ने कहा “आज इस बात पर सहमति हुयी है कि हम इन सुरक्षा गारंटियों की विषय-वस्तु और प्रत्येक पक्ष द्वारा प्रदान किए जाने वाले सहयोग पर अमेरिका के साथ मिलकर काम करेंगे।” उन्होंने कहा कि यूरोपीय नेताओं का “इच्छुक गठबंधन” अब 30 देशों तक फैल गया है।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि श्री ज़ेलेंस्की और श्री पुतिन के बीच कोई भी बातचीत द्विपक्षीय रूप से शुरू होनी चाहिए और यह केवल युद्धविराम के तहत ही होनी चाहिए। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति की श्री पुतिन के साथ समझौता करने की क्षमता के बारे में उनके विश्वास का स्वागत किया । लेकिन श्री मैक्रों ने चेतावनी भी दी कि अगर बातचीत रुकती है तो यूरोप को कड़े प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार रहना चाहिए।
उधर श्री ज़ेलेंस्की ने संवाददाताओं को बताया कि चर्चा में यूक्रेन के सुरक्षा ढाँचे के तौर पर यूरोपीय वित्तपोषण से 90 अरब डॉलर के अमेरिकी हथियार खरीदने की योजना और ड्रोन बनाने का प्रस्ताव शामिल था जिसकी खरीद में अमेरिका मदद कर सकता है। उन्होंने आगाह किया कि समझौते पर अभी भी बातचीत ही चल रही है लेकिन इस बाबत ब्यौरे को 10 दिनों के भीतर अंतिम रूप दिया जा सकता हैं।
उन्होंने ओवल ऑफिस में रूस के कब्जे वाले इलाकों को दर्शाने वाले एक नक्शे पर श्री ट्रम्प के साथ हुई लंबी बातचीत का भी ज़िक्र किया और इसे एक “गर्मजोशी भरी और सार्थक बातचीत” बताया। हालाँकि इसमें किसी भी क्षेत्रीय पुनर्निर्धारण पर सहमति नहीं बनी।
इस बीच फ़िनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्ज़ेंडर स्टब ने पुष्टि की है कि यूरोपीय नेताओं ने व्हाइट हाउस की बैठकों के नतीजों से श्री पुतिन को अवगत कराने के लिए श्री ट्रंप द्वारा उन्हें फोन किये जाने के बारे में समन्वित सहयोग किया है।
श्री ज़ेलेंस्की ने बिना किसी शर्त के “किसी भी प्रारूप” में श्री पुतिन से मिलने की अपनी तत्परता दोहराई। उन्होंने कहा “मेरा मानना है कि हमें बिना शर्त मिलना चाहिए और युद्ध की समाप्ति के इस रास्ते के आगे के विकास के बारे में सोचना चाहिए।”
उन्होंने संकेत दिया कि रूस ने पहले एक द्विपक्षीय बैठक का सुझाव दिया था जिसके बाद श्री ट्रंप के साथ एक त्रिपक्षीय बैठक होने की संभावना है। लेकिन उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि पूर्व शर्तों का इंतज़ार करने से रूस की ओर से केवल और मांगें ही सामने आएंगी।
इस बीच श्री ट्रम्प और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इस शिखर सम्मेलन में युद्ध के दौरान अपहृत बच्चों की दुर्दशा पर भी प्रकाश डाला। श्री ट्रम्प ने लापता बच्चों की समस्या को एक “विश्वव्यापी” संकट बताया ।
उधर श्री ज़ेलेंस्की ने अपनी पत्नी का एक पत्र श्रीमती ट्रम्प को सौंपकर एक निजी संदेश भी दिया जिसमें उनके द्वारा श्री पुतिन को की गयी अपील के लिये उनका धन्यवाद किया गया।
