मिठाई-मावे की दुकानों पर दबिश, 600 किलो माल की बिक्री रुकवाई

इंदौर. धनतेरस पर जब शहर के बाजार मिठाइयों और मावे की खरीदारी से गुलजार थे, उसी दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें मिलावट की आशंका के बीच दुकानों पर दस्तक दे रही थीं. त्योहार की भीड़ में कहीं ग्राहकों की थाली तक खराब गुणवत्ता का मावा या मिठाई न पहुंच जाए, इसे लेकर विभाग ने शहर के अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चलाया.
पीपली बाजार के मावा बाजार से लेकर एयरपोर्ट क्षेत्र और कैटरर्स तक खाद्य विभाग की टीम पहुंची. इस दौरान रिंग रोड स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 600 किलो मिल्क केक और मीठे मावे की बिक्री जांच रिपोर्ट आने तक रुकवा दी गई. धनतेरस के मौके पर 5 और 6 नवंबर को हुई कार्रवाई में विभाग ने कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए. पीपली बाजार में तो एक साथ 10 मावा विक्रेताओं के यहां रैपिड टेस्टिंग की गई. श्रीनाथ मावा भंडार, रामू मावा भंडार, रतनलाल मावा भंडार, श्री जी मावा भंडार, ओम मावा भंडार, शंकरलाल मावा भंडार, अग्रवाल मावा भंडार, रामजी मावा भंडार, रामजी महाराज और खंडेलवाल मावा भंडार में टीम ने मावे की मौके पर प्राथमिक जांच की. खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लिए गए नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं. रिपोर्ट में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी.

मिठाई की दुकानों से कैटरर्स तक पहुंची जांच
धनतेरस पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ खाद्य विभाग ने एयरपोर्ट क्षेत्र में भी मिठाई विक्रेताओं के यहां पहुंचकर टेस्ट किट से प्राथमिक जांच की. महेश नगर स्थित माहेश्वरी धर्मशाला में संचालित सुदानी कैटर्स के यहां भी मिठाइयों की जांच की गई. विभाग की नजर केवल बाजार की दुकानों पर ही नहीं, बल्कि आयोजनों और समारोहों में मिठाइयां सप्लाई करने वाले कारोबारियों पर भी रही.

शिप्रा में छह खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
खाद्य विभाग की टीम ने शिप्रा स्थित माय श्री नाश्ता पॉइंट एवं आइसक्रीम का निरीक्षण किया. यहां से मीठा मावा, मावा, गुपचुप, केसर पेड़ा, मिल्क केक और सफेद पेड़ा के नमूने लिए गए. कुल छह नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए. प्रतिष्ठान संचालक मुकेश कुमार जाट को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए.

रिपोर्ट आने तक नहीं बिकेगा मिल्क केक
पूरे अभियान में रिंग रोड स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग पर की गई कार्रवाई खास रही. 5 नवंबर को निरीक्षण के दौरान यहां कंचन श्री ब्रांड के मिल्क केक और मीठे मावे के नमूने लिए गए. दोनों उत्पादों का करीब 600 किलोग्राम स्टॉक प्रतिष्ठान में मौजूद था. खाद्य सुरक्षा विभाग ने एहतियातन इस स्टॉक की बिक्री पर प्रयोगशाला रिपोर्ट आने तक रोक लगा दी. अब इन नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

कारोबारियों को भी चेताया
धनतेरस और दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने के बीच विभाग ने कारोबारियों को साफ-सफाई, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए. मिठाइयों में केवल अनुमेय खाद्य रंगों का इस्तेमाल करने और खाद्य योग्य चांदी का वर्क लगाने की हिदायत भी दी गई

Next Post

रनवे के पास पेड़ों की होगी कटाई, खुले में कचरा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई

Sat Nov 7 , 2026
इंदौर: देवी अहिल्या होलकर विमानतल की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं. एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र में किसी भी तरह की लेजर गतिविधि नहीं होने दी जाएगी. साथ ही विमानतल के आसपास हाईराइज बिल्डिंग के निर्माण की अनुमति भी नहीं दी […]

You May Like