बीएचईएल को नाइजीरिया से सबसे बड़ा गैस टर्बाइन ऑर्डर, वैश्विक बाजार में बढ़ी मजबूत मौजूदगी

भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाइजीरिया की डांगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज से आठ गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों की आपूर्ति तथा उनके निर्माण और कमीशनिंग के पर्यवेक्षण का महत्वपूर्ण ऑर्डर प्राप्त किया है। कड़ी वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बीच मिले इस ऑर्डर को बीएचईएल की इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षमता की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

यह ऑर्डर मात्रा और मूल्य, दोनों के आधार पर गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों की आपूर्ति और पर्यवेक्षण के लिए बीएचईएल का अब तक का सबसे बड़ा एकल अंतरराष्ट्रीय अनुबंध है। इसके तहत आठ गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों का निर्माण, आपूर्ति और साइट पर निर्माण एवं कमीशनिंग कार्यों का पर्यवेक्षण किया जाएगा। इन उपकरणों का निर्माण बीएचईएल की हैदराबाद और बेंगलुरु इकाइयों में होगा।

डांगोटे समूह अफ्रीका के सबसे बड़े औद्योगिक समूहों में शामिल है, जिसका कारोबार तेल शोधन, पेट्रोकेमिकल्स, उर्वरक, सीमेंट, चीनी, पैकेजिंग सहित कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। बीएचईएल का कहना है कि यह ऑर्डर वैश्विक इंजीनियरिंग कंपनी के रूप में उसकी पहचान को और मजबूत करेगा तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी पहुंच का विस्तार करेगा।

बीएचईएल पहले भी मिस्र, इथियोपिया, लीबिया, रवांडा, सेनेगल और सूडान सहित कई अफ्रीकी देशों में बिजली क्षेत्र की परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी कर चुका है। कंपनी इससे पहले नाइजीरिया के क्रॉस रिवर स्टेट के लिए 26 मेगावाट गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेज की आपूर्ति और कमीशनिंग का कार्य भी कर चुकी है।

चार दशक से अधिक समय से गैस टर्बाइन के निर्माण और आपूर्ति में सक्रिय बीएचईएल अब तक करीब 250 गैस टर्बाइनों की आपूर्ति कर चुका है, जिनमें 20 प्रतिशत से अधिक विदेशी ग्राहकों के लिए हैं। यह उपलब्धि वैश्विक स्तर पर कंपनी की मजबूत इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षमता का प्रमाण मानी जा रही है।

 

 

Next Post

ईरान के साथ बातचीत सकारात्मक, समझौता न होने पर फिर होगी सैन्य कार्रवाई: ट्रंप

Wed Jul 29 , 2026
वाशिंगटन, 28 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ईरान के साथ अमेरिका की हालिया बातचीत सकारात्मक रही है और इसमें लगातार प्रगति हो रही है। उन्होंने हालांकि चेतावनी दी कि यदि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर किसी समझौते पर पहुंचने में विफल रहता […]

You May Like