इंदौर: ऑनलाइन ठगों ने भोपाल ट्रेजरी ऑफिस का अधिकारी बनकर एक सेवानिवृत्त व्यक्ति से करीब ढाई लाख रुपये उड़ा लिए. आरोपी ने सरकारी विभाग का लोगो और फर्जी लिंक भेजकर पीड़ित को विश्वास में लिया और बैंक खाते से रकम ट्रांसफर करा ली.फरियादी 65 वर्षीय ध्यानूराव बच्चन निवासी पवनपुरी कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि पालदा का एचडीएफसी बैंक नवलखा शाखा में खाता है. 13 अक्टूबर को उन्हें मोबाइल नंबर से कॉल आया.
कॉल करने वाले ने खुद को “डी.के. तिवारी, ट्रेजरी ऑफिसर, भोपाल” बताते हुए कहा कि उनका पेंशन प्रकरण उनके पास आया है. उसने व्हाट्सएप पर “पेंशन सेवा” नाम से एक लिंक भेजी और कहा कि उसमें विवरण अपलोड करने पर एरियर और अन्य राशि जारी हो जाएगी. फरियादी ने लिंक पर क्लिक कर मांगी गई जानकारी अपलोड कर दी.
कुछ दिनों बाद, 16 अक्टूबर की रात करीब 7:29 बजे उनके खाते से 1,97,823 रुपए और तुरंत बाद 36,031 रुपए “रुपाकुमारी” नामक खाते में ट्रांसफर हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही ध्यानूराव ने बैंक और पुलिस दोनों को सूचित किया. पुलिस ने मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर जांच शुरू कर दी है. मामला धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत दर्ज कर साइबर सेल को सौंपा गया है
