
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने बताया कि राज्य 11.6 प्रतिशत की विकास दर के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है, जो सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों पर जनता का भरोसा मजबूत हुआ है और राज्य सरकार के कार्यों को भी व्यापक समर्थन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगामी उज्जैन सिंहस्थ को लेकर कहा कि यह आयोजन अब तक का सबसे सुव्यवस्थित और भव्य होगा। उन्होंने बताया कि लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो।
