
भोपाल। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मुख्य शाखा भोपाल में आज एनएफआईआर के आह्वान पर काला दिवस मनाया गया. इस अवसर पर कर्मचारियों ने काला रिबन बांधकर नए श्रम कानूनों के चार भागों का बहिष्कार किया. मजदूर संघ ने केंद्र सरकार से अपील की कि नए श्रम कानून को तत्काल वापस लिया जाए तथा पुराने 29 श्रम कानून को बहाल किया जाए. यह विरोध रेलवे कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुटता का प्रतीक बना. मंडल सचिव कमलेश परिहार ने बताया कि नए कानून मजदूरों के अधिकारों पर प्रहार हैं, जिन्हें रद्द कर पारंपरिक कानूनों को पुन: लागू किया जाना चाहिए. श्रम कानून के विरोध में संघ के महामंत्री अशोक शर्मा के निर्देश पर शाखा सचिव अनिरुद्ध सोनी, चरणजीत सिंह संगठन सचिव, बारिश खान उपाध्यक्ष, सहसचिव पवन यादव एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर विरोध दर्ज किया.
