51 न्याय सारथी मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक वाहन रवाना 

जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा व कार्यपालक अध्यक्ष हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायाधीश विवेक रूसिया ने बुधवार को 51 न्याय सारथी मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सभी के लिए न्याय तक पहुंच की संकल्पना को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हाईकोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अन्य न्यायाधीशगण उपस्थित थे। सभी ने राज्य के दूरस्थ, ग्रामीण, जनजातीय व वंचित क्षेत्रों तक विधिक सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाए गए इस कदम की सराहना की।

दरअसल, प्रदेश के प्रत्येक जिले में स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हेतु कुल 51 न्याय सारथी मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। बोलेरो नियो माडल के यह वाहन मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक के रूप में कार्य करेंगे, जिनके माध्यम से राज्य के सुदूर गांवों, पंचायतों एवं घर-घर तक विधिक सहायता और विधिक जागरूकता सेवाएं पहुंचाई जा सकेंगी। इन मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिकों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को निशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, बंदियों व आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को उनके विधिक व संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्री-लिटिगेशन परामर्श, विधिक सलाह, मध्यस्थता तथा लोक अदालत संबंधी जागरूकता सीधे समुदाय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी। पैरा लीगल वालंटियर्स अधिक प्रभावी रूप से फील्ड भ्रमण कर सकेंगे, विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर सकेंगे, जमीनी स्तर पर हितग्राहियों की सहायता कर सकेंगे तथा सामुदायिक मध्यस्थ विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु समुदाय स्तर पर मध्यस्थता को प्रोत्साहित कर सकेंगे। शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सेवा पहलों की जानकारी का प्रसार कर अंतिम छोर तक न्याय पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

ग्राम न्यायालयों हेतु उपलब्ध कराए गए वाहनों को भी विधिवत हरी झंडी-

इस अवसर पर ग्राम न्यायालय अधिनियम 2008 के प्रविधानों के अंतर्गत स्थापित एवं संबंधित जिला न्यायालयों के अधीन संचालित ग्राम न्यायालयों हेतु उपलब्ध कराए गए वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा माडल के ये वाहन ग्राम न्यायालयों के प्रभावी संचालन, न्यायिक गतिशीलता को सुदृढ़ करने, ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों में न्यायालयीन प्रक्रियाओं की पहुंच बढ़ाने तथा जमीनी स्तर पर न्याय सुलभकराने के उद्देश्य को आगे बढ़ाएंगे।

पारिवारिक न्यायालयों तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों के लिए भी वाहनों को रवाना किया-

इसके अतिरिक्त राज्य के जिला न्यायपालिका के अंतर्गत संचालित पारिवारिक न्यायालयों व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों के लिए भी वाहनों को रवाना किया गया। मारुति सुजुकी एक्सएल-सिक्स माडल के ये वाहन न्यायिक प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ करते हुए कर्तव्यों के प्रभावी निर्वहन, बेहतर प्रशासनिक समन्वय तथा समयबद्ध न्यायिक कार्य सुनिश्चित करने में सहायक होंगे। समारोह में धरमिंदर सिंह रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारीगण उमेश पांडव निदेशक मध्य प्रदेश राज्य न्यायिक अकादमी सहित अकादमी के अधिकारीगण सुमन श्रीवास्तव सदस्य सचिव मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। राज्य के सभी जिलों में 51 न्याय सारथी मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक वाहनों के संचालन से विधिक जागरूकता, विधिक सहायता व आमजन की न्याय तक पहुंच में उल्लेखनीय विस्तार होगा।

Next Post

व्यापारिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी का विशेष निरीक्षण, सुरक्षा मानकों की हुई बारीकी से जांच

Wed Apr 1 , 2026
इटारसी। शहर के नागरिकों एवं व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नगर पालिका परिषद इटारसी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देशन में एक विशेष निरीक्षण दल द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दुकानों और संस्थानों में फायर […]

You May Like