“नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) कांग्रेस ने 140 सदस्यीय केरल विधानसभा के चुनाव के लिए अपने 55 उम्मीदवारों की पहली सूची मंगलवार को जारी कर दी।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन उम्मीदवारों के नाम का चयन किया है।
पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री रमेश चेन्निथला को हरिपद, पूर्व सांसद के. मुरलीधरन को वट्टियोरकावु, पूर्व सांसद रम्या हरिदास को चिरायिन्कीझु तथा पूर्व मुख्यमंत्री ओम्मेन चांडी के पुत्र तथा युवा कांग्रेस नेता चांडी ओम्मेन को पुतुपल्ली से टिकट दिया है।
राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 22 सदस्य हैं। विधानसभा में विपक्षी गठबंधन यूडीएफ में घटकों में कांग्रेस, आईयूएमएल, केरल कांग्रेस प्रमुख रूप से शामिल हैं। सबसे बड़े घटक कांग्रेस के बाद गठबंधन में आईयूएमएल के 15 सदस्य हैं। केरल में चुनाव आयोग ने 15 मार्च को आयोजित संवाददाता सम्मलेन में एक चरण में चुनाव कराने का ऐलान किया है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 23 मार्च तक नामांकन दाखिल किये जा सकते हैं और 24 को नामों की जांच होगी।
नामांकन 26 मार्च तक वापस लिये जा सकेंगे। मतदान नौ अप्रैल को होगा और परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।
