पश्चिम एशियाई देशों से दो लाख 40 हजार से अधिक भारतीय स्वदेश लौटे: विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली 17 मार्च (वार्ता) विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सरकार पश्चिम एशिया में संकट के कारण वहां विकसित हो रही स्थिति और उसके भारतीय नागरिकों पर प्रभाव को लेकर लगातार नजर बनाए हुए है और अब तक 2 लाख 44 हजार यात्री इस क्षेत्र से स्वदेश लौट चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अन्य मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा,” विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में विकसित हो रही स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ”

उन्होंने कहा, “28 फरवरी से अब तक लगभग 2,44,000 यात्री इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। 16 मार्च को यूएई से भारत के लिए लगभग 55 उड़ानें संचालित हुईं, और आज लगभग 70 उड़ानों की उम्मीद है।” उन्होंने कहा कि कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है, जबकि कुवैत का हवाई क्षेत्र बंद है। संचालन और सुरक्षा के आधार पर विशेष उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।

प्रवक्ता ने कहा ,” लगभग 650 भारतीय नागरिक ईरान से आर्मेनिया और अज़रबैजान में प्रवेश कर चुके हैं। अब 50 और भारतीय नागरिक आर्मेनिया पहुंच गए हैं, और कुछ और अज़रबैजान पहुंचे हैं। आर्मेनिया में प्रवेश कर चुके 284 भारतीय तीर्थयात्रियों में से 130 आज दिल्ली पहुंचेंगे।”

उन्होंने कहा कि लोगों के संकट संबंधी प्रश्नों में कमी आयी है और ,” कल हमें केवल 22 कॉल और 6 ईमेल प्राप्त हुए, और इनका समाधान किया गया।”

राजनयिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, ” हमारे विदेश मंत्री, जो इस समय ब्रुसेल्स में हैं, उन्होंने यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि और उपाध्यक्ष के निमंत्रण पर यूरोपीय संघ के विदेश मामलों की परिषद की बैठक में भाग लिया।”

उन्होंने कहा कि बैठक में मंत्रियों ने वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की। इस दौरान विशेष रूप से पश्चिम एशिया की स्थिति, जिसमें ऊर्जा सुरक्षा पर उसका प्रभाव शामिल है, और संघर्ष को जल्द समाप्त करने के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

 

 

Next Post

रुपया 12 पैसे टूटा, नये निचले स्तर पर

Tue Mar 17 , 2026
मुंबई, 17 मार्च (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया मंगलवार को 11.75 पैसे कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 92.40 रुपये बोला गया। यह भारतीय मुद्रा का रिकॉर्ड निचला स्तर है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 1.75 पैसे की मजबूती के साथ 92.2825 रुपये प्रति डॉलर पर […]

You May Like