
ग्वालियर। महिला लॉन्ग स्टे होम में आज सायंकाल धनतेरस एवं दीपावली का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात महिला लॉन्ग स्टे होम में निवासरत मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं के साथ मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा दीप प्रज्वलित कर सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
इस अवसर पर सभी निवासरत महिलाओं को मिठाई वितरित की गई तथा उनके जीवन में सुख, शांति एवं सकारात्मकता बनी रहने और उनके परिवारों में सदैव खुशहाली रहने की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय विभाग के कलाकारों द्वारा मनमोहक भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आनंदमय हो गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के माध्यम से महिला लॉन्ग स्टे होम में निवासरत महिलाओं को अपनत्व, स्नेह एवं पारिवारिक वातावरण प्रदान करना तथा उनके जीवन में खुशियों के रंग भरना रहा।
इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती पूर्वी अग्रवाल, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव नवल किशोर शुक्ला, प्रांकुष शर्मा, राघवेन्द्र त्रिपाठी, आशीष शर्मा, विजय कुमार शर्मा, महेन्द्र सिंह कुशवाह सहित सामाजिक न्याय विभाग एवं महिला लॉन्ग स्टे होम के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी ने मिलकर दीपावली का पर्व मनाया और आपसी स्नेह, सौहार्द एवं मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया।
