
छंदवाड़ा। पटाखों के सुरक्षित विक्रय को लेकर नगर निगम आयुक्त सीपी राय ने निगम अमले के साथ जेल बगीचा स्थित अस्थाई पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सभी व्यापारियों को पटाखों के भंडारण, प्रदर्शन एवं विक्रय के दौरान सुरक्षा नियमों का अक्षरश: पालन करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखा बाजार में नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिक निगम आयुक्त सी.पी. राय ने पटाखा विक्रेताओं को निर्देशित किया कि सभी दुकानें निर्धारित दूरी एवं सुव्यवस्थित पंक्ति में ही लगाई जाएं। उन्होंने लाइसेंस की शर्तों का कड़ाई से पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि स्वीकृत सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री का संग्रहण अथवा विक्रय किसी भी स्थिति में न किया जाए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक दुकान के सामने पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र , पानी से भरी बाल्टियां, और पर्याप्त मात्रा में सूखी रेत की व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही, परिसर के भीतर मुख्य आवागमन मार्ग एवं आपात्कालीन निकास द्वार को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त और खुला रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना के समय राहत व बचाव कार्य त्वरित रूप से संचालित किया जा सके। आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कोई भी दुकानदार बिना सुरक्षा मानकों, अनाधिकृत विद्युत कनेक्शन या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए दुकान का आवंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा।
दुकानों के पास कचरा न नमा करने के दिए निर्देश ००००
आयुक्त ने परिसर में स्वच्छता एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों के आसपास गत्ते, प्लास्टिक व कचरा जमा न होने दें और अनिवार्य रूप से डस्टबिन का उपयोग करें। मुख्य मार्ग पर वाहनों के बेतरतीब आवागमन को रोकने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए भी मौके पर तैनात अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे उपस्थित ००००००
इस औचक निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री बृजेश पांडे, अतिक्रमण अधिकारी सागर बोरकर, उपयंत्री सचिन पाटिल, फायर ऑफिसर अभिषेक दुबे, राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र माहोरे, राजस्व लिपिक राजकुमार पवार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी प्रमुख रूप से सम्मिलित रहे। नगर निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से त्यौहारों के दौरान सुरक्षा, सतर्कता एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
