
आमला। आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अब लापरवाही पर सिर्फ नोटिस नहीं, बल्कि सीधे सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। उनके इस सख्त रुख से क्षेत्र के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।हाल ही में एसडीएम ने आवरिया, ससाबड़, अंधारिया और खापा खतेड़ा के आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर साफ-सफाई की कमी, बच्चों की कम उपस्थिति और रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही सामने आई। इस पर उन्होंने मौके पर ही कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए तत्काल सुधार के आदेश दिए।
निरीक्षण के बाद चला सफाई अभियान, बदली तस्वीर
एसडीएम की सख्ती का असर अगले ही दिन देखने को मिला। संबंधित गांवों के आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। केंद्रों में झाड़ू-पोछा, परिसर की सफाई, रसोई व्यवस्था दुरुस्त करने और बच्चों के बैठने की बेहतर व्यवस्था पर काम किया गया। कई जगह दीवारों की सफाई और शैक्षणिक सामग्री को भी व्यवस्थित किया गया।
बच्चों की सुविधाओं में सुधार, संचालन हुआ व्यवस्थित
अब केंद्रों में बच्चों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय और पोषण आहार वितरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है।ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं में आए सुधार पर संतोष जताते हुए उम्मीद जताई है कि प्रशासन की यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।एसडीएम के इस कड़े रुख से यह साफ हो गया है कि अब आंगनवाड़ी केंद्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दे दिए हैं कि व्यवस्था सुधारना ही होगा, वरना कार्रवाई तय है।
