इंदौर: हमने विगत वर्ष में शहर के रेवती रेंज पहाडी पर 12 लाख 40 हजार से अधिक पौधे एक ही दिन में रोपे थे, जो अभी वर्तमान में भी निगम के सहयोग से जीवित है. शहर के तापमान को कम करने के लिये आवश्यक है कि हम इंदौर व इंदौर के आस-पास वृहद स्तर पर पौधारोपण करें व उनका संरक्षण करे. ताकि इंदौर शाम को फिर से जो मालवा की शाम शब ए मालवा कहते हैं वो सार्थक हो सके. हम संकल्प के साथ इंदौर को हरियाली से आच्छादित करेंगे.
यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कही. वे एक पेड मां के नाम अभियान के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे. गुरुवार को 51 लाख वृक्षारोपण के दृढ संकल्प के साथ मंत्री विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट व महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नेहरू पार्क में पौधारोपण कर अभियान की शुरूआत की. मंत्री विजयवर्गीय जी ने कहा कि हम उस समाज हैं जहां पेड़ आक्सीजन देता है तो हम उसकी पूजा करते हैं. नदिया हमको पानी देती है हम उनकी पूजा करते है. हमारे जीवन में हमे कभी ऋणी नहीं रहना चाहिये. जो हमें कुछ देता है, उसे हमें भी कुछ देना चाहिये.
जन आंदोलन बनाया जाए
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि आज शहर के मध्य सबसे पुराने उद्यान नेहरू पार्क में आज पौधारोपण अभियान की शुरूआत की जा रही है. इस पौधारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाकर इंदौर के पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हरियाली से आच्छादित किया जाए. उन्होने महापौर से अनुरोध किया कि पूरे इंदौर में लगभग लगभग 1300 उद्यान है क्यों ना एक बार एक साथ 1300 उद्यान में पौधारोपण किया जाए.
आने वाली पीढ़ी स्वच्छ वायु देने का प्रयास
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि मंत्री विजयर्गीय के नेतृत्व में विगत वर्ष 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया था. उस संकल्प को आगे बढ़ते हुए आज उनकी उपस्थिति में इस अभियान की शुरुआत भी हो रही है. इस वर्ष नगर निगम का जो लक्ष्य 15 लाख का वह हम आने वाले समय में जन भागीदारी से जन सहयोग से पूरा करेंगे. यह हरियाली केवल पेड़ लगाने के लिए नहीं है यह हरियाली आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ वायु देने में भी नंबर वन बनाने का प्रयास है क्योंकि इंदौर ने हमेशा भविष्य के बारे में सोचा है
