इंदौर: राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है. गुरुवार को राजा के भाई विपिन रघुवंशी घटना स्थल सोहरा पहुंचे, जहां उनके भाई की हत्या हुई थी. विपिन ने यहां पूजन-अर्चन कर राजा की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए प्रार्थना की. इस दौरान उन्होंने घटनास्थल की तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड किए, जिन्हें वे अब कोर्ट में साक्ष्य के तौर पर उपयोग में ले सकते हैं.
सूत्रों के अनुसार, विपिन अब इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी शिलोम जेम्स की जमानत को चुनौती देने की तैयारी में हैं. संभावना है कि शुक्रवार को वे हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे, जिसमें आरोपी की जमानत रद्द करने की मांग की जाएगी. बताया गया है कि विपिन ने बुधवार को ही इस केस में नया वकील नियुक्त किया है और अब कानूनी प्रक्रिया को तेज कर दिया है.
परिवार का कहना है कि हत्या सुनियोजित थी और इस मामले में आरोपी को जमानत मिलना न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि मामले की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करता है. विपिन द्वारा की जा रही यह अपील सिर्फ भाई के लिए न्याय की मांग नहीं, बल्कि पूरे समाज में कानून के प्रति भरोसा बनाए रखने की एक कोशिश मानी जा रही है. अब देखना यह होगा कि हाईकोर्ट में दायर की जाने वाली यह याचिका मामले की दिशा बदलने में कितनी प्रभावशाली सिद्ध होती है. पुलिस पहले ही अपनी चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और अब पीड़ित पक्ष भी पूरी तैयारी के साथ अदालत में सक्रिय होता दिख रहा है.
