9 औद्योगिक संगठनों ने निगमायुक्त को सौंपा सामूहिक ज्ञापन
इंदौर: नगर निगम की कार्यप्रणाली और मनमानी रवैए के खिलाफ शहर के 9 प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक संगठनों ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया. संगठनों के प्रतिनिधि एआईसीटीसीएल कार्यालय पहुंचे और नगर निगम कमिश्नर को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जाहिर की.व्यापारिक संगठनों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा बगैर पूर्व सूचना के टैक्स, शुल्क और नियमों में बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे उद्योग और व्यापार जगत में असंतोष बढ़ता जा रहा है.
प्रतिनिधियों ने कहा कि न तो योजनाओं की पूर्व जानकारी दी जाती है और न ही उनकी राय ली जाती है, जिससे नीतिगत निर्णयों में पारदर्शिता खत्म हो रही है. ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों में इंडस्ट्री एसोसिएशन, लघु उद्योग संघ, व्यापारी महासंघ सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे. उन्होंने निगमायुक्त से मांग की कि टैक्स निर्धारण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए, बिना चर्चा के कोई निर्णय न लिया जाए और व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए.
विरोध जताने के दौरान व्यापारियों ने साफ कहा कि यदि नगर निगम का रवैया नहीं बदला गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे. संगठनों ने चेतावनी दी कि अगला कदम सामूहिक धरना या व्यापार बंद भी हो सकता है. नगर निगम की ओर से फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन व्यापारिक संगठनों के इस सामूहिक रुख को प्रशासन के लिए एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है.
