साढ़े 5 लाख कीमत के स्मैक हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार

सिंगरौली । जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरगवां पुलिस ने पुन: बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी महिला अपने घर के पास मादक पदार्थ की बिक्री कर रही थी। पुलिस ने जप्ती के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

जानकारी अनुसार 4 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बाघाडीह के कजरदह टोला में एक महिला अपने घर के पास ब्राउन शुगर बेच रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल ने पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला रामबाई बसोर पिता धर्मेन्द्र बसोर के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन बरामद की। जप्त मादक पदार्थ की कीमत 5 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। 35 वर्षीय रामबाई बसोर के विरुद्ध अपराध के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे विवेचना में लिया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के साथ निरीक्षक सूरज सिंह, उनि प्रियंका सिंह बघेल, सउनि वीरेंद्र त्रिपाठी, प्रआर शिवराज सिंह तोमर, नंदकिशोर बागरी, अरविंद यादव, महेश पटेल एवं म.आर कीर्ति कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत एवं एसपी षियाज केएम एवं एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में एसडीओपी मोरवा अमित कुमार के मार्गदर्शन में बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की।

००००००

Next Post

न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को बताए उनके कानूनी अधिकार

Thu Nov 5 , 2026
धार. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ममता जैन के मार्गदर्शन में बुधवार को शासकीय मॉडल स्कूल, तिरला में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 1 से […]

You May Like